मोगा निवासी परमिंदर कौर से कनाडा भेजने के नाम पर 26 लाख 17 हजार रुपए की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। चंडीगढ़ स्थित एक इमिग्रेशन कंपनी के संचालक आकाशदीप सिंह हेयर के खिलाफ थाना सिटी मोगा पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आकाशदीप सिंह हरियाणा के रतिया स्थित गांव बाहमणीवाला का निवासी है। पीड़िता परमिंदर कौर ने जिला एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि वह विदेश जाना चाहती थी और इसके लिए उन्होंने आईईएलटीएस (IELTS) का कोर्स किया था। उनके पिता को एक परिचित व्यक्ति ने बताया कि आकाशदीप सिंह हेयर चंडीगढ़ में ‘हेयर मैनेजमेंट सर्विस’ के नाम से इमिग्रेशन कार्यालय चलाता है और उसके माध्यम से कई लोगों को विदेश भेजा जा चुका है। आरोपी ने कनाडा भेजने का भरोसा दिलाया इसके बाद परमिंदर कौर अपने पति और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गांव धल्लेके में आकाशदीप सिंह से मिलीं। आरोपी ने उन्हें कनाडा भेजने का भरोसा दिलाया और बताया कि इस पर लगभग 25 लाख रुपए का खर्च आएगा। आकाशदीप की बातों पर विश्वास करते हुए परिवार ने उसे 2 लाख रुपए नकद दिए और सभी आवश्यक दस्तावेज सौंप दिए। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने 30 अप्रैल 2022 को कनाडा के लिए फाइल लगाने और प्रक्रिया शुरू करने की बात कही थी। हालांकि, 24 सितंबर 2022 को वीजा आवेदन अस्वीकार (रिफ्यूजल) हो गया। इसके बाद जब परिवार ने चंडीगढ़ जाकर उससे बात की, तो उसने पीएनपी (प्रोविंशियल नॉमिनी प्रोग्राम) के माध्यम से कनाडा भेजने का प्रस्ताव दिया, जिस पर परिवार ने सहमति व्यक्त की। आरोपी ने 16 फरवरी 2023 को नौकरी संबंधी जॉब लेटर दिया और 19 दिसंबर 2023 को नामांकन (नॉमिनेशन) आने की जानकारी दी। इस दौरान शिकायतकर्ता ने किस्तों में आरोपी के बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की। आरोप है कि पैसे लेने के बाद आरोपी टालमटोल करने लगा और न तो परमिंदर कौर को कनाडा भेजा और न ही रकम वापस की। पीड़ित का आरोप- मेरे साथ लाखों रुपए की ठगी पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उनके साथ कुल 26 लाख 17 हजार रुपए की ठगी की है। परमिंदर कौर ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी अब उन्हें जान-माल के नुकसान की धमकियां भी दे रहा है। जिला पुलिस प्रमुख मोगा के निर्देश पर मामले की जांच ईओ विंग मोगा द्वारा की गई। जांच के दौरान दोनों पक्षों को अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया तथा अन्य संबंधित व्यक्तियों से भी पूछताछ की गई। जांच में शिकायतकर्ता के आरोप सही पाए जाने पर थाना सिटी मोगा पुलिस ने आरोपी ट्रैवल एजेंट आकाशदीप सिंह हेयर के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
