श्रीगंगानगर में खाद्य पदार्थों के सैंपल लेने को लेकर भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी और स्वास्थ्य विभाग के बीच विवाद बुधवार को और बढ़ गया। फूड सेफ्टी टीम एसएसबी रोड स्थित मनुहार मेवा स्टोर (राजस्थान ड्राई फ्रूट्स) पर दोबारा सैंपल लेने पहुंची, लेकिन विधायक जयदीप बिहाणी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने टीम को सैंपल नहीं लेने दिए। विधायक ने कहा- कुछ भी हो जाए, सैंपल नहीं लेने देंगे। मैं इनकी नौकरी खा जाऊंगा। इनको गलतफहमी हो रखी है। मैंने आज विधानसभा अध्यक्ष को चिट्ठी लिख दी है। इनको यह नहीं पता कि मैं कौन-सी कमेटी का मेंबर हूं। करीब 5 घंटे तक दुकान के बाहर इंतजार करने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम शाम 5 बजे बिना सैंपल लिए लौट गई। सभापति बोले- विधायक पर लगाए गए आरोप झूठे नगर परिषद सभापति अजय दावड़ा ने कहा – महिला अधिकारी आरोप लगा रही हैं कि विधायक ने उनका हाथ पकड़कर बाहर निकाला। ये राम मंदिर पर हाथ रखकर कह दें कि विधायक ने इनका हाथ पकड़ा। ये अधिकारी को बचाने के लिए महिलाओं को आगे कर रहे हैं। सभापति ने कहा कि महिला अधिकारी होने का मतलब यह नहीं है कि वे किसी पर भी दबाव बना सकती हैं। हमारे घरों में भी बहन-बेटियां हैं और हमें उनकी इज्जत करना आता है। उन्होंने विधायक पर लगाए गए सभी आरोपों को झूठा बताया। विधायक के पहुंचने पर दुकान के बाहर भीड़ जुटी स्वास्थ्य विभाग की टीम में आईसी कोऑर्डिनेटर विनोद बिश्नोई, एफएसओ नित्या शर्मा, मंजू बाला और कंवरपाल सिंह शामिल थे। विवाद की सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी दीपक शर्मा, सदर थानाधिकारी सुभाषचंद और एसआई जयवीर शिला भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान ड्राई फ्रूट्स स्टोर के अंदर और बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। विधायक जयदीप बिहाणी ने मौके पर पहुंचे एसआई जयवीर शिला को भी स्टोर से बाहर जाने के लिए कह दिया। विधायक ने कहा कि यहां पुलिस का कोई काम नहीं है। इसके बाद एसआई बाहर निकल गए। विधायक ने खुद ड्राई फ्रूट्स खाकर उनकी गुणवत्ता सही बताई। विधायक बोले- सरकारी कर्मचारी मीडिया के सामने नहीं आ सकता विधायक जयदीप बिहाणी ने कहा कि कोई भी सरकारी कर्मचारी मीडिया के सामने नहीं आ सकता। फूड इंस्पेक्टर मीडिया के सामने आकर विधायिका पर आरोप लगा रही हैं। विधायक ने कहा – उन्हें आरोपों का जवाब देना आता है। चाबी छीनने के आरोप पर बोले- क्या उड़न खटोले से गई थीं फूड इंस्पेक्टर की गाड़ी की चाबी छीनने के आरोप पर विधायक ने कहा- अगर मैंने इनकी चाबी छीन ली थी तो बाद में ये क्या उड़न खटोले से गई थीं क्या। उन्होंने आरोप लगाया कि वसूली का धंधा खोल रखा है और बिना वजह दुकानदारों को परेशान किया जा रहा है। विधायक ने कहा कि सीएमएचओ डॉ. अजय सिंगला खुद आकर सैंपल लेकर जाएं। अब यह व्यापार मंडल की इज्जत का सवाल है। बिहाणी ने कहा कि सीएमएचओ विधायिका पर हावी होना चाहते हैं, लेकिन ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा- ‘प्रेम-प्यार से भले ही हमारी कोई गर्दन काट ले, लेकिन हावी होकर काम नहीं करने देंगे।’ सीएमएचओ बोले- स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई जारी रहेगी सीएमएचओ डॉ. अजय सिंगला ने बताया – मंगलवार (27 अक्टूबर) को शहर में जब यह घटनाक्रम हुआ, उस समय वे जयपुर में थे। बुधवार सुबह उन्होंने फूड इंस्पेक्टर से पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद कलेक्टर, स्वास्थ्य विभाग के कमिश्नर और फूड डायरेक्टर को घटनाक्रम से अवगत कराया। विधायक जयदीप बिहाणी से खुद बात करेंगे और अपना पक्ष रखेंगे। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कलेक्टर से मुलाकात के बाद दोबारा सैंपल लेने पहुंची टीम जानकारी के अनुसार, सीएमएचओ डॉ. अजय सिंगला बुधवार सुबह फूड इंस्पेक्टर और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव से मिले थे। इसी दौरान कमिश्नर ने कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए थे। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम दोबारा मनुहार मेवा स्टोर पर सैंपल लेने पहुंची थी, लेकिन विधायक के विरोध के चलते सैंपल नहीं लिए जा सके।