संगरूर पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर 4 लाख 5 हजार 500 रुपए की ठगी करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई सुनाम पुलिस स्टेशन में एक शिकायत के आधार पर की गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुनाम निवासी अमनदीप सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी। अपनी शिकायत में अमनदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि मोहाली में इमीग्रेशन सेंटर चलाने वाले करणदीप सिंह और सतबीर सिंह ने उन्हें विदेश भेजने का झांसा दिया था। पैसे मांगने पर आनाकानी अमनदीप सिंह ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनसे अलग-अलग तरीकों से कुल 4 लाख 5 हजार 500 रुपए लिए। हालांकि, उन्हें न तो विदेश भेजा गया और न ही उनके पैसे वापस किए गए। पैसे वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करते रहे। इसके बाद अमनदीप सिंह ने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और पंजाब ट्रैवल प्रोफेशनल रेगुलेशन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।