मोगा जिले में विदेश भेजने के नाम पर 28 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बता दे कि थाना सिटी मोगा पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धाराओं 318(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता बसंत सिंह निवासी गांव झंडेवाला, जिला मोगा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपियों ने उसके बेटे को विदेश भेजने का झांसा देकर बड़ी रकम ठग ली। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों दानवीर निवासी हनुमानगढ़ (राजस्थान) और विकास डोगरा निवासी जम्मू ने उसके बेटे जिंदजानप्रीत सिंह को ऑस्ट्रेलिया भेजने का वादा किया था। आरोपियों ने ठगे 28 लाख रुपए इसके लिए आरोपियों ने उससे करीब 28 लाख रुपए लिए। हालांकि, आरोपियों ने अपना वादा पूरा नहीं किया और उसके बेटे को ऑस्ट्रेलिया भेजने के बजाय ईरान भेज दिया, जिससे परिवार के साथ धोखाधड़ी हुई। यह मामला पहले दरखास्त नंबर 2495/पीसी, दिनांक 5 सितंबर 2025 के तहत जांच में था। मामले की जांच में जुटी पुलिस उप कप्तान पुलिस (एनडीपीएस) मोगा द्वारा जांच के बाद, एसएसपी मोगा के आदेशों पर अब केस दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी मोहकम सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि ठगी के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
