चंडीगढ़ में टेलीग्राम ऐप पर वर्क फ्रॉम होम के नाम पर हाई-वैल्यू इन्वेस्टमेंट फ्रॉड (फेक जॉब फ्रॉड) का खुलासा हुआ है। ठगी करने वाले दो आरोपियों को साइबर सेल ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फ्रॉड नंबर से कॉल करके ठगी की। आरोपियों की पहचान लुधियाना के रहने वाले शिवम और प्रमोद कुमार के रूप में हुई है। आरोपियों को साइबर सेल ने DSP ए. वेंकटेश की अगुआई और इंस्पेक्टर इरम रिजवी की सुपरविजन में पकड़ा है। मामले में साइबर सेल सेक्टर-17 पुलिस में धाराओं 319(2), 318(4), 336(3), 338, 340(2) तथा 61(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया है। जानिए कैसे की ठगी पुलिस को मिली शिकायत में गुरविंदर पाल कौर ने बताया कि उनके पास एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने बताया कि टेलीग्राम ऐप पर वर्क-फ्रॉम-होम जॉब है। ठगों ने पहले छोटे-छोटे कमीशन देकर भरोसा जताया और बाद में ₹9,03,011 की ठगी कर ली। पैसे “अकाउंट अनलॉक” और “रिपेयर” के नाम पर जमा करवाए गए थे। जांच के दौरान साइबर क्राइम पुलिस ने डिजिटल साक्ष्य और बैंक ट्रांजैक्शन की पड़ताल की तो पता चला कि ठगी की रकम पहले शिवम के इंडियन बैंक खाते में जमा हुई, जिसे बाद में प्रमोद कुमार के UCO बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिया गया। कंबोडिया से ऑपरेट हो रहे थे अकाउंट तकनीकी जांच में यह भी सामने आया कि ठगों द्वारा इस्तेमाल किए गए टेलीग्राम अकाउंट्स के IP एड्रेस कंबोडिया से ऑपरेट हो रहे थे। साइबर सेल की टीम मामले की आगे की जांच कर रही है और गिरफ्तार आरोपियों से पहचान व अन्य संदिग्धों के संबंध में पूछताछ जारी है।