कोटा में वकीलों ने तहसीलदार के चेंबर के बाहर हंगामा कर दिया। एक वकील ने तहसीलदार को धमकाया और कोर्ट में देख लेने की धमकी दी। वकील ने कहा- आना अब कोर्ट में…सारी तहसीलदारी निकाल देंगे तेरी। हमें कानून सीखा रहा है। पैसे लेकर जमानत पर छोड़ता है। मामला एक वकील से मारपीट के आरोपियों को तहसील ऑफिस में पेश करने से जुड़ा है। वकीलों ने 28 दिसंबर को शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच लाडपुरा तहसील ऑफिस में हंगामा किया। इसका वीडियो भी सामने आया है। एडवोकेट अतीश सक्सेना ने आरोप लगाया कि लाडपुरा तहसीलदार राजवीर यादव ने हमसे दुर्व्यवहार किया और कहा- आप मुझे कानून मत सिखाओ, मेरे यहां कोई वकालतनामा और वकील की जरूरत नहीं है। मैं मेरे हिसाब से ऑर्डर कर दूंगा। तहसीलदार राजवीर यादव ने कहा- वकीलों के आरोप निराधार हैं। मैंने रेलवे कॉलोनी थाना सीआई से मुलजिमों को लाने के लिए कहा तो उन्होंने जाब्ता और गाड़ी नहीं होने की बात बताई। बाद में मुलजिम को मेरे घर पर पेश किया गया। कागजात भी पेश किए। पहले देखिए, पूरे घटनाक्रम से जुड़े 2 PHOTOS… वकील से मारपीट के आरोपियों को जमानत देने पर हुआ विवाद
संरक्षक समिति बार एसोसिएशन कोटा के संरक्षक अतीश सक्सेना ने कहा- रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र में एडवोकेट अंसार मोहम्मद और उनके बेटे के साथ 27 दिसंबर को मारपीट हुई थी। इस पर 7 लोगों के खिलाफ थाने में शिकायत दी थी। पुलिस ने 6 लोगों को मौके से डिटेन किया और 4 लोगों को थाने से वापस भेज दिया। 2 व्यक्ति चांद मोहम्मद और फैजान को 28 दिसंबर की शाम को लाडपुरा तहसीलदार के सामने पेश किया। एडवोकेट अंसार की ओर से सीनियर वकीलों ने बहस की थी। वकीलों ने आरोप लगाया कि तहसील में न मुल्जिम पेश हुए, न कागज पेश हुए और न ही मुल्जिम की तरफ से वकालतनामा पेश हुआ। फिर भी तहसीलदार ने मुल्जिम की 20 हजार की जमानत ले ली। लोक सेवक ने पद का दुरुपयोग किया। तहसीलदार बोले- पुलिस ने मुल्जिम को घर पर किया पेश
तहसीलदार राजवीर यादव ने कहा- वकीलों के आरोप निराधार हैं। कैथून में रविवार को हादसा हुआ था, मैं वहां गया हुआ था। वकील दोपहर 3-4 बजे से ही तहसील ऑफिस में मौजूद थे। मैं शाम करीब 6 बजे कैथून से कोटा आया। वकील मुल्जिम को तहसील ऑफिस में लाने का दबाव बना रहे थे। इसका लेकर मैंने रेलवे कॉलोनी थाना सीआई से बात की। सीआई ने पुलिस जाब्ता और गाड़ी नहीं होने की बात बताई। जाब्ते और गाड़ी की व्यवस्था होने पर पुलिस ने मुल्जिम को मेरे घर पेश किया गया। कागजात भी पेश किए। तहसीलदार को निलंबित करने की मांग
वकील के साथ मारपीट के आरोपियों की बिना वकालतनामे के जमानत लेने के मामले में बार एसोसिएशन ने नाराजगी जताई है। सोमवार को संरक्षक समिति बार एसोसिएशन कोटा ने कलेक्टर को ज्ञापन देकर तहसीलदार को निलंबित करने की मांग की।