जोधपुर और दिल्ली के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा शुरू होने जा रही है। रेलवे ने जोधपुर-दिल्ली कैंट-जोधपुर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव गांधीनगर जयपुर स्टेशन पर देने का फैसला किया है। यह स्टॉपेज फिलहाल प्रायोगिक तौर पर लागू किया गया है, जो आगामी आदेशों तक जारी रहेगा। इससे जयपुर शहर के एक बड़े हिस्से को सीधे वंदे भारत ट्रेन की सुविधा मिल सकेगी। यह व्यवस्था 29 मार्च रविवार से लागू होगी। अब तक यह ट्रेन गांधीनगर जयपुर स्टेशन पर नहीं रुकती थी, जिससे इस इलाके के यात्रियों को मुख्य जयपुर जंक्शन जाना पड़ता था। नए स्टॉपेज के बाद यात्रियों का समय बचेगा और कनेक्टिविटी बेहतर होगी। सुबह और शाम दोनों समय मिलेगा स्टॉपेज उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया- जोधपुर से दिल्ली कैंट जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस (26481) 29 मार्च (रविवार) से गांधीनगर जयपुर स्टेशन पर सुबह 09:34 बजे पहुंचेगी और 09:36 बजे रवाना होगी। इसी तरह वापसी दिशा में दिल्ली कैंट से जोधपुर जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस (26482) शाम 18:37 बजे पहुंचेगी और 18:39 बजे यहां से प्रस्थान करेगी। छह दिन चलेगी ट्रेन, यात्रियों को सीधा फायदा यह वंदे भारत एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन संचालित होती है। गांधीनगर जयपुर स्टेशन पर ठहराव मिलने से जयपुर के आसपास के इलाकों खासकर मालवीय नगर, टोंक रोड और जगतपुरा क्षेत्र के यात्रियों को सीधा फायदा होगा। उन्हें अब शहर के मुख्य रेलवे स्टेशन तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ट्रायल बेसिस पर फैसला, आगे स्थायी होने की संभावना रेलवे ने इस ठहराव को फिलहाल ट्रायल के तौर पर शुरू किया है। इस दौरान यात्रियों की संख्या और उपयोगिता के आधार पर आगे इसे स्थायी करने का निर्णय लिया जा सकता है। अगर इस स्टेशन से पर्याप्त संख्या में यात्री इस ट्रेन का उपयोग करते हैं, तो ठहराव जारी रहने की संभावना मजबूत मानी जा रही है।
