भास्कर न्यूज | अमृतसर शहर के बाईपास पर लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक दबाव और गंभीर होती सड़क सुरक्षा समस्याओं को लेकर सांसद गुरजीत सिंह औजला ने केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित किया है। सांसद औजला ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को एक पत्र लिखकर अमृतसर बाइपास से एयरपोर्ट रोड (एनएच-1) और अटारी की ओर जाने वाले रास्ते तक एक बड़े और निरंतर फ्लाईओवर प्रोजेक्ट को मंजूरी देने की मांग की है। सांसद ने बताया कि यह बाइपास राष्ट्रीय राजमार्ग का अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा है, जहां प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। औजला के अनुसार, इस हिस्से पर बढ़ता जाम अब स्थानीय निवासियों, यात्रियों और आपातकालीन सेवाओं के लिए परेशानी का कारण बन चुका है। सांसद ने मांग की है कि मंत्रालय गुमटाला चौक से लेकर रॉयल नर्सरी प्वाइंट तक एक सीधा और लंबे फ्लाईओवर प्रोजेक्ट को मंजूरी दें। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट से न केवल ट्रैफिक व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि दिन-प्रतिदिन होने वाली दुर्घटनाओं और इमरजेंसी में होने वाली देरी से भी राहत मिलेगी। स्थानीय निवासी मेजर गिल ने कहा कि सांसद की ओर से की गई मांग बिल्कुल सही है। एक लंबा फ्लाइओवर बनने से ट्रैफिक जाम की स्थिति से आम लोगों को भी राहत मिलेगी। वहीं, बलराज सिंह के मुताबिक वह इसी रास्ते से अपने घर और शहर की ओर जाते हैं। अक्सर दोपहर और शाम के समय यहां ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है। स्थानीय निवासी अभिषेक कुमार ने कहा कि यदि सांसद औजला की मांग को स्वीकार कर केंद्र सरकार फ्लाइओवर को मंजूरी देकर इसका निर्माण कराती है, तो लोगों को न सिर्फ ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।
