लूणी पुलिस ने रविवार को दोनों लोगों को नाकाबंदी के दौरान सिणली से शुभदंड की ओर जाते हुए पकड़ा। तलाशी में उनसे 20 किलो 185 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। इस पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश और डीसीपी (पश्चिम) विनीत कुमार बंसल के निर्देश पर एडीसीपी (पश्चिम) रोशनी मीणा और एसीपी (बोरानाडा) आनंद सिंह राजपुरोहित के सुपरविजन में लूणी थाना प्रभारी गोविंद राम ने कार्रवाई की। झंवर के धवा स्थित सिणली निवासी चालक भागीरथ (43) पुत्र पप्पाराम बिश्नोई और खलासी लूणावास के धतरवालों की ढाणी स्थित बजरंग नगर निवासी गणपतलाल (38) पुत्र भारतराम बिश्नोई को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के अलावा फींच के सुभाष पुत्र हाउराम गोदारा और खुड़ाला के सुरता नगर निवासी भागीरथ (35) पुत्र जालाराम के खिलाफ लूणी पुलिस ने एनडीपीएस में मामला दर्ज किया है। वारदात में प्रयुक्त गाड़ी भागीरथ के नाम की थी। जिसे पुलिस ने जब्त किया है। डीसीपी (पश्चिम) बंसल ने बताया कि आरोपी भागीरथ पुत्र पप्पाराम से पूछताछ की। इसमें उसने बताया कि वह फींच निवासी सुभाष गोदारा से दो कट्टे खरीदकर रवाना हुआ। बीच में उसने एक कट्टा भागीरथ पुत्र जालाराम को सप्लाई किया। दूसरा कट्टा अपने घर ले जा रहा था। भागीरथ के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी के झंवर थाने में 3, लूणी, विवेक विहार और सिवाणा में 1-1 मामले दर्ज है। गणपतलाल के खिलाफ लूणी व झंवर में 1-1 मामला दर्ज है। इन वजहों से तस्करों का सेफ जोन बनता जा रहा लूणी इलाका 1. दूर-दराज ढाणियां, सूनसान इलाका : लूणी क्षेत्र में कई ढाणियां बेहद दूर-दराज और सूनसान इलाकों में स्थित हैं। पुलिस की नियमित गश्त यहां तक आसानी से नहीं पहुंचती। तस्कर रात में इन्हीं इलाकों को ट्रांजिट प्वाइंट बनाकर खेप बदलते हैं। लूणी का लगभग 4–5 किमी एरिया लगातार वीराना रहता है, जो इन्हें और मौका देता है। 2. जोधपुर-बाड़मेर-पाली का जंक्शन पॉइंट : लूणी तीन जिलों की दिशाओं के बीच जंक्शन की तरह स्थित है। तस्कर चाहे माल कहीं से भी लाएं इस क्षेत्र से जोधपुर, बाड़मेर और पाली तीनों दिशाओं में इसे आसानी से भेज देते हैं। इस कारण पुलिस उनका नेटवर्क नहीं पकड़ पा रही। 3. बार-बार रूट बदल रहे तस्कर : डोडा-पोस्त तस्करों का कोई निश्चित रूट नहीं है। हर 10-12 दिन में वे नया रास्ता चुन लेते हैं। इस वजह से पुलिस के लिए उनका पैटर्न समझ पाना मुश्किल होता जा रहा है।