पंजाब के लुधियाना में कस्बा खन्ना की नई आबादी इलाके में 81 वर्षीय एनआरआई बुजुर्ग महिला जगपाल कौर की हत्या के चार दिन बाद भी पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। कनाडा से लौटे उनके बेटे की मौजूदगी में तीन डॉक्टरों के बोर्ड ने शव का पोस्टमार्टम किया। प्रारंभिक जांच में मुंह बंद कर गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात से पहले की रात 31 जनवरी को करीब डेढ़ बजे एक व्यक्ति नंगे पांव दीवार फांदकर घर में दाखिल हुआ था। इलाके में लगे एकमात्र सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से यह अहम सुराग मिला है। रात से सुबह तक घर में हत्यारा रहा मौजूद पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने घर में घुसने के बाद तुरंत वारदात को अंजाम नहीं दिया। उस समय बुजुर्ग महिला अपने कमरे का दरवाजा बंद कर सो रही थीं। आरोपी रात से लेकर सुबह करीब 5:30 बजे तक घर के भीतर ही मौजूद रहा।माना जा रहा है कि आरोपी ने महिला के जागने का इंतजार किया। रोजाना की दिनचर्या के अनुसार, जैसे ही महिला सुबह उठी और पाठ की तैयारी करने लगीं, उसी दौरान वारदात को अंजाम दिया गया। यह तथ्य बताते है कि आरोपी को महिला की दिनचर्या की पहले से जानकारी थी। पुलिस लूट, रंजिश या अंदरूनी जानकारी सहित हर एंगल से मामले की जांच कर रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। यह मामला एक जटिल जांच में बदल गया है, जहां हर नया तथ्य पुराने सवालों को और उलझा रहा है।
