लुधियाना में एक युवक के साथ लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। थाना शिमलापुरी की पुलिस ने एक पीड़ित की शिकायत पर जांच के बाद एक ही परिवार के तीन सदस्यों के खिलाफ धोखाधड़ी और साजिश रचने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान करतार चौक डाबा रोड निवासी भूपिंदर कुमार, उसकी पत्नी सुनीता रानी और बेटी निशा शर्मा के रूप में हुई है। क्या है पूरा मामला? न्यू गुरु अंगद देव कॉलोनी निवासी गुरप्रीत पुत्र कमल कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपियों ने उसे विदेश भेजने का झांसा दिया था। गुरप्रीत के अनुसार आरोपियों ने आपसी मिलीभगत और एक सोची-समझी साजिश के तहत उससे कुल 15,00,000 रुपये की मोटी रकम ऐंठ ली। पीड़ित का आरोप है कि भारी-भरकम राशि लेने के बावजूद आरोपियों ने उसे विदेश भेजने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी काम नहीं हुआ और गुरप्रीत ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगे। अंत में न तो उसे विदेश बुलाया गया और न ही उसके पैसे वापस किए गए। जांच के बाद कार्रवाई: पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह मामला पिछले साल दिसंबर (10-12-25) से जांच के अधीन था। उच्च अधिकारियों द्वारा की गई लंबी पड़ताल के बाद यह साफ हुआ कि आरोपियों ने अमानत में खयानत और धोखाधड़ी की है। शिमलापुरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2): अमानत में खयानत ,धारा 318(4): धोखाधड़ी ,धारा 61(2): आपराधिक साजिश रचना धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा।
