रायकोट के बोपाराय खुर्द निवासी एक व्यक्ति ने अपनी बहू और उसके माता-पिता के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। आरोप है कि बहू कनाडा जाने के बाद पति को बुलाने से मुकर गई, जिससे परिवार के लाखों रुपए डूब गए। पीड़ित दविंदर सिंह ने अपने बेटे लवप्रीत सिंह का विवाह 14 मार्च 2023 को मोगा निवासी हरमनप्रीत कौर से कराया था। हरमनप्रीत ने आईलेट्स परीक्षा पास की थी, जिससे परिवार को उम्मीद थी कि वह कनाडा जाकर लवप्रीत को भी अपने पास बुला लेगी। शादी और हरमनप्रीत के कनाडा जाने की तैयारियों पर पीड़ित परिवार ने लगभग 33 लाख रुपए खर्च किए। इसमें 8 लाख रुपए विवाह पर और 25 लाख रुपए कनाडा में पढ़ाई व यात्रा पर व्यय हुए। हरमनप्रीत 28 दिसंबर 2023 को कनाडा रवाना हुई थी। पति से तोड़ लिया संपर्क शुरुआत में हरमनप्रीत अपने पति और ससुराल वालों से बातचीत करती रही, लेकिन कुछ समय बाद उसने संपर्क तोड़ दिया। उसने अपने फोन नंबर भी ब्लॉक कर दिए, जिससे परिवार का उससे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था। दविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि कनाडा पहुंचने के बाद हरमनप्रीत ने न तो उनके बेटे को बुलाने के लिए कोई फाइल लगाई और न ही उनसे कोई संपर्क रखा। इन आरोपों के आधार पर थाना सदर रायकोट की पुलिस ने हरमनप्रीत कौर, उसके पिता रणजीत सिंह और मां कर्मजीत कौर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। थाना सदर रायकोट के एएसआई लखवीर सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आगे की जांच जारी है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी इसी तरह का मामला सामने आया था। जहां लड़के वालों ने 75 लाख खर्चा कर लड़की को कनाडा भेजा। वहा जाकर लड़की ने पति के ठुकरा कर बॉयफ्रैंड के साथ रहना शुरू कर दिया था।