लुधियाना के जसपाल बांगड़ स्थित मल्ही चौक की गली नंबर 8 में बुधवार को साइकिल पार्ट्स पेंट करने वाली फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयानक रूप ले लिया और फैक्ट्री में रखा सामान जलने लगा। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। फैक्ट्री वर्कर अरुण कुमार ने बताया कि हादसे के वक्त 2 लोग अंदर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक जोरदार स्पार्किंग हुई और तुरंत आग भड़क गई। उन्होंने बताया हमने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, तब तक हम खुद भी आग बुझाने की कोशिश में जुटे रहे। फोकल प्वाइंट और अन्य स्टेशनों से मंगवाईं गाड़ियां फायर ऑफिसर विजय कुमार ने बताया कि विभाग को शाम करीब 4:30 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण तुरंत फोकल प्वाइंट और अन्य फायर स्टेशनों से गाड़ियां मंगवाई गईं। कुल 4 बड़ी गाड़ियों की मदद से दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभाला और करीब 2 से ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।