लुधियाना में चोर ने पूर्व पुलिसकर्मी के सामने ही उसकी स्कूटी चोरी कर ली। वह देखता रहा और चोर एक्टिवा लेकर फरार हो गया। पूर्व पुलिसकर्मी ने चोर का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वह फरार हो गया। एक्टिवा चोरी होने की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई और पूर्व पुलिसकर्मी ने इसकी शिकायत थाना सलेम टाबरी में दी।
न्यू अमन नगर निवासी प्रितपाल सिंह ने बताया कि वो रिटायर्ड पुलिसकर्मी है। एक अक्तूबर को उसने स्कूटी घर के बाहर खड़ी की। कुछ देर बाद उसने गेट खोला तो स्कूटी पर एक युवक बैठा दिखा। उसने युवक को डांटा और स्कूटी से उतरने को कहा, तभी वो स्कूटी लेकर भाग गया। मालिक के सामने स्कूटी ले भागा
प्रितपाल ने बताया कि जैसे ही उसने युवक को डांटा, तभी उसने स्कूटी स्टार्ट की और उनके सामने ही स्कूटी चोरी करके ले गया। प्रितपाल सिंह की शिकायत पर थाना सलेम टाबरी पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है।
इस तरह की स्कूटी चोरी
युवक पैदल आया, इधर उधर देखते हुए स्कूटी पर बैठ गया। स्कूटी पर बैठे बैठे उसने हैंडल का लॉक खोला। उसके बाद उसने स्कूटी को स्टैंड से उतारा। जब वह स्टैंड से उतार रहा था तब प्रितपाल सिंह ने गेट खोला और बाहर आए। बाहर देखा कि युवक उसकी स्कूटी पर बैठा है। वो उसे डांटने लगे। उसने पीछे भी नहीं देखा और स्कूटी लेकर चले गया।
सीसीटीवी फुटेज से की जा रही है चोर की पहचान
थाना सलेम टाबरी के एएसआई प्रेम चंद ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान की जा रही है।