लुधियाना के श्री माछीवाड़ा साहिब के गांव शताबगढ़ में एक 20 साल के युवक अमनदीप सिंह उर्फ जस्सी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। परिवार ने उसके दोस्तों पर नशे का ओवरडोज देकर मारने का आरोप लगाया है। मृतक अमनदीप सिंह की मां सरबजीत कौर और रिश्तेदार रणजीत सिंह ने बताया कि अमनदीप एक फैक्ट्री में काम करता था। वह 14 सितंबर की शाम को अपने दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल पर घर से निकला था। जब वह देर रात तक घर नहीं लौटा, तो परिवार ने तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। अमनदीप का फोन बंद था। उसके दोस्तों को फोन करके पूछा गया तो उन्होंने बताया कि वह दूसरे दोस्त के घर सो रहा है और सुबह आएगा। खेतों में बेसुध हालत में मिला अमनदीप अगली सुबह अमनदीप हसनपुर गांव के खेतों में बेहोश पड़ा मिला। उसकी मोटरसाइकिल उसके पास थी और चाबी उसकी जेब में थी, लेकिन उसका मोबाइल गायब था। बता दें कि 15 सितंबर को अमनदीप का जन्मदिन था। वह एक दिन पहले बाल कटवाने और नए कपड़े खरीदने के लिए घर से पैसे लेकर गया था। चंडीगढ़ के अस्पताल में तोड़ा दम परिवार उसे तुरंत माछीवाड़ा साहिब के अस्पताल ले गया। वहां से उसे लुधियाना रेफर किया गया। 2 दिन बाद चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार का आरोप है कि जो दोस्त उसे अपने साथ ले गए थे, उन्होंने उसे कोई नशीला पदार्थ दिया, जिससे अमनदीप की मौत हो गई। परिवार ने पुलिस से मामले की जांच और दोस्तों से पूछताछ की मांग की है। असली वजह दोस्तों से पूछताछ के बाद ही सामने आएगी।
