पंजाब के लुधियाना में अवारा कुत्तों ने दहशत मचाई हुई है। रोजाना किसी ना किसी बच्चे, बुजुर्ग को कुत्तें अपना शिकार बना रहे है। निगम प्रशासन कुंभकर्णी नींद से रहा है। अब ताजा मामला 9 वर्ष के बच्चे का सामने आया है। नूरवाला रोड स्थित बाला जी फैक्ट्री के पास रहने वाले 9 वर्षीय बच्चे पर 5 से 6 आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। बच्चा खाना खाने के बाद प्लॉट में खेल रहा था, तभी अचानक कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया और पूरे शरीर पर गंभीर जख्म कर दिए। पड़ोसन महिला ने बच्चे को कुत्तों से छुड़वाया शोर सुनकर पड़ोस की महिला मौके पर पहुंची और बहादुरी दिखाते हुए बच्चे को कुत्तों से छुड़ाया, जिससे उसकी जान बच सकी। घटना के समय परिवार का कोई सदस्य आसपास मौजूद नहीं था। घायल बच्चे का नाम रोहित बताया गया है, जो सरकारी स्कूल में पढ़ता है और तीन भाई-बहनों में से एक है। परिजनों के अनुसार बच्चे के पिता त्रिलोकी फोल्डिंग मशीन चलाने का काम करते हैं। बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में लगातार बढ़ रहे आवारा कुत्तों के आतंक पर जल्द काबू पाया जाए, ताकि मासूम बच्चों की जान सुरक्षित रह सके।
