लुधियाना के थाना लाडोवाल क्षेत्र के गांव तलवंडी में निहंग सिंहों ने कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी करने के आरोप में 8 लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोप है कि ये लोग पीर बाबा की मजार बनाकर वहां नशे का कारोबार चला रहे थे। इससे पहले भी कुछ दिन पहले निहंग जत्थे ने इसी गांव में चिट्टे को लेकर रेड की थी। यहां बड़ा सवाल यह है कि थाना से कुछ किलोमीटर दूरी पर यह गांव है जो नशा तस्करों के लिए मशहूर है। फिर भी इलाका पुलिस यहां कोई बड़ी कार्रवाई करने में असफल साबित हो रही है। जानकारी के अनुसार इलाके के लोगों ने निहंगों को शिकायत दी थी कि गांव में एक घर में मजार के नाम पर नशा बेचा जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद निहंग बाबा कुलदीप सिंह अपने साथियों और स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और उक्त घर में रेड की। आपत्तिजनक सामान और सिरिंजें हुई बरामद-बाबा कुलदीप बाबा कुलदीप सिंह ने कहा कि रेड के दौरान वहां से कई आपत्तिजनक सामान और सिरिंजें बरामद हुईं। निहंगों ने मौके से 8 लोगों को काबू कर लिया और बाद में उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए लोगों में एक महिला भी शामिल बताई जा रही है। बाबा कुलदीप सिंह खालसा ने बताया कि उन्हें इस जगह को लेकर पहले भी कई शिकायतें मिल चुकी थीं। आज लोगों की मदद और पूरे जत्थे के साथ मिलकर यहां कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि कुछ युवक संगरूर से भी यहां नशा लेने आए हुए थे। नशेड़ियों की टांगें थी गली निहंगों के मुताबिक पकड़े गए युवकों ने खुद माना है कि वे यहां से नशा लेकर दूसरी जगहों पर बेचते हैं। पकड़े गए कई युवकों के शरीर पर नशे के कारण गंभीर निशान भी मिले हैं और उनकी टांगें भी बुरी तरह से खराब हालत में पाई गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस बरामद सामान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। इस मामले एसएचओ लाडोवाल से बातचीत करनी चाही लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।