पंजाब के लुधियाना में नगर कीर्तन के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई है। खुशी में फायर कर रहे व्यक्ति से मिस फायर हो गया, जिस कारण अचानक से गोली 9 वर्षीय बच्चे की जांघ से आर-पार हो गई। खून से लथपथ बच्चे को तुरंत लोग प्राइवेट अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना स्थल पर जांच करने पहुंचे ASI सतविंदर ने कहा कि बच्चे को अस्पताल दाखिल करवाया है। जिस हथियार से गोली चली है उसे कब्जे में ले लिया है। गोली की फारेंसिक जांच होगी। जिस व्यक्ति ने गोली चलाई है पता चला है कि वही उसे अस्पताल लेकर गया है। नानी के साथ कीर्तन देखने आया था बच्चा घायल बच्चे का नाम पार्थ है। पार्थ के चाचा सेठी ने बताया कि पार्थ चौथी कक्षा का छात्र है। वह अपनी नानी हरप्रीत कौर के साथ नगर कीर्तन देखने गोबिंद नगर, तेजस स्कूल के पास गया था। तभी अचानक वहां किसी ने फायर कर दिया। फायर कैसे हुआ यह जांच का विषय है। गोली जांघ के आर-पार हुई गोली पार्थ की जांघ को आर-पार कर गई है। पार्थ अपने परिवार का इकलौता बेटा है। उसके पिता मलेशिया काम करने के सिलसिले में गए हुए है। फिलहाल पार्थ को प्राइवेट अस्पताल दाखिल करवाया हुआ है। इलाके के एक निवासी ने कहा कि यहां एक ठेकेदार तोता सिंह ने नगर कीर्तन की खुशी में हवाई फायर किया तो गोली अचानक बच्चे के लग गया। उन्होंने कहा कि बच्चे के गोली लगने के कारण सब मायूस हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि जिन लोगों के पास हथियार है उसका सार्वजनिक स्थल पर इस्तेमाल ना करे।