पंजाब के लुधियाना स्थित हरगोबिंद नगर रोड पर एक केक की दुकान के बाहर दो गुटों में झड़प हुई, जो जल्द ही हिंसक संघर्ष में बदल गई। इस घटना में विशाल रंधावा नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसने बाद में सिविल अस्पताल पहुंचकर अपना मेडिकल कराया। यह झगड़ा एक युवती को लेकर शुरू हुआ था। जानकारी के अनुसार, अक्षयवीर नामक युवक का एक युवती से संबंध था। इसके बाद कुछ लोगों ने अपने साथियों को बुलाया और अक्षयवीर तथा उसके दोस्त विशाल रंधावा को घेर लिया। हमलावरों ने तेजधार हथियारों से दोनों पर हमला किया। हमले के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल विशाल रंधावा को पहले मल्होत्रा क्लिनिक ले जाया गया, जिसके बाद वह खुद सिविल अस्पताल पहुंचा और अपना मेडिकल करवाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। थाना अंबेडकर डिवीजन नंबर 3 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची, स्थिति का जायजा लिया और जांच शुरू की। स्थानीय निवासियों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इलाके में पुलिस गश्त नहीं होती, जिसके कारण ऐसी घटनाएं बार-बार होती हैं। एक स्थानीय निवासी ने बताया, ‘हरगोबिंद नगर रोड पर अक्सर झगड़े और आपराधिक घटनाएं होती रहती हैं। पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं करती और पीसीआर गश्त भी नहीं होती, जिससे हमें डर के माहौल में रहना पड़ता है।’ ASI क्या बोले? एएसआई परमिंदर सिंह ने जानकारी दी कि इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाई जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद हरगोबिंद नगर रोड के निवासियों ने पुलिस प्रशासन से तत्काल आरोपियों को गिरफ्तार करने और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।