पंजाब के लुधियाना में गुरुवार को युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पड़ोसी ने दुकान पर बहस के बाद रिवॉल्वर से युवक के माथे पर गोली मारी। इसकी सूचना मिलते ही थाना जमालपुर की SHO और ACP जगदीप सिंह मौके पर पहुंचे। ACP ने परिवार के लोगों से पूछताछ की। वारदात के बाद से आरोपी फरार है। वह लुधियाना एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी में काम करता है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मृतक की पहचान 19 वर्षीय हिमांशु के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तरप्रदेश के आजमगढ़ जिले का रहने वाला था। अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला… हत्या में इस्तेमाल अवैध रिवॉल्वर बरामद
पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि आरोपी के पास रिवॉल्वर का लाइसेंस नहीं है। उसने अपने पास अवैध हथियार रखा था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक रिवॉल्वर आरोपी के घर से बरामद कर लिया है। आरोपी को पकड़ने के लिए CCTV खंगाल रही पुलिस
आरोपी हत्या करने के बाद से फरार है। पुलिस उसे पकड़ने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने में जुट गई है। इलाके में लगे कुछ सीसीटीवी के डीवीआर भी कब्जे में ले लिए हैं। ACP बोले- जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा
मौके पर पहुंचे ACP जगदीप सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि राम नगर में गोली चली है। मामले की जांच शुरू कर दी है। जल्दी ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है।
