लुधियाना जिले के मुल्लांपुर दाखा में नगर कौंसिल के अधिकारियों ने आज पुलिस की मौजूदगी में एक मकान के अवैध हिस्से को जेसीबी मशीन से गिरा दिया। यह कार्रवाई शहर के मोहल्ला गुरु नानक नगर में की गई। मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट विकास उप्पल (कार्यकारी अधिकारी रायकोट), डीएसपी दाखा करण संधू और एसएचओ कुलजिंदर सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे। नगर कौंसिल के ईओ हैप्पी कुमार जिंदल ने बताया कि मकान मालिकों द्वारा अवैध निर्माण किया गया था। इस संबंध में नगर कौंसिल मुल्लांपुर दाखा ने मकान मालिकों को कई बार नोटिस जारी कर स्वयं निर्माण हटाने को कहा था, लेकिन उनकी ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद केवल वही हिस्सा गिराया गया जो अवैध रूप से बनाया गया था। डीसी लुधियाना के आदेशों पर कार्रवाई डीएसपी करण संधू ने जानकारी दी कि यह कार्रवाई डीसी लुधियाना के आदेशों पर नगर कौंसिल द्वारा की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन को किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए तैनात किया गया था, क्योंकि मकान मालिक मनोज साहनी पुत्र बैजनाथ और उनकी पत्नी सुनीता के खिलाफ एनडीपीसी एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। सुनीता को लुधियाना कोर्ट द्वारा सजा सुनाए जाने के बाद जेल भेज दिया गया है। फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस भी रही तैनात ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं कार्यकारी अधिकारी विकास उप्पल ने भी डीसी लुधियाना के आदेशों के तहत अपनी मौजूदगी की पुष्टि की। हालांकि, कार्रवाई के दौरान उपस्थित अधिकारी स्पष्ट जवाब देने से बचते हुए जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डालते नजर आए। किसी भी अप्रिय घटना या हंगामे की आशंका के चलते प्रशासन द्वारा मौके पर फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस भी तैनात की गई थी। जब ईओ जिंदल से शहर में अन्य अवैध निर्माणों पर कार्रवाई न होने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
