लुधियाना के मॉडल टाउन में डॉ. अंबेडकर नगर में नशा तस्करों के गैंग ने घर पर पेट्रोल बम फेंक कर आग लगा दी। परिवार चार दिन से घर नहीं गया है। पीड़िता दर्शना अपने पति रमेश कुमार के साथ पुलिस कमिश्नर लुधियाना को शिकायत देने पहुंची। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाके में सक्रिय चिट्टा तस्कर करीब 20 युवकों ने उनके परिवार को निशाना बनाया। मेरे बेटे को पहले चिट्टे की लत लगाई, विरोध किया तो जान से मारने की धमकी दी। बेटे काे चिट्टे के जाल में फंसाया दर्शना ने शिकायत में आरोप लगाया कि उनका 26 वर्षीय बेटा सागर पिछले एक साल से आरोपियों द्वारा चिट्टे के जाल में फंसाया जा रहा था। परिवार के विरोध करने पर उन्हें धमकी दी गई कि अगर सागर ने नशा सप्लाई नहीं किया तो पूरे परिवार को घर में जिंदा जला देंगे। तेजधार हथियारों से किया हमला। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने पहले भी सागर पर तेजधार हथियारों से हमला किया था। दर्शना के अनुसार आरोपी स्थानीय पुलिसकर्मियों से जान-पहचान का दावा करते हैं और इसी डर से परिवार शिकायत दर्ज नहीं करवा सका। 14 नवंबर को घर में घुसकर तोड़फोड़ की महिला ने कहा कि 14 नवंबर को आरोपी घर में जबरन घुसे और सामान तोड़ा व उसके पति से मारपीट की। जब वे मेडिकल करवाने अस्पताल पहुंचे, तो आरोपी पहले से खड़े थे, डर की वजह से पति का MLR भी नहीं करवा सकी। 15 नवंबर को पेट्रोल बम फेंककर घर में आग लगाई उन्होंने कहा कि 15 नवंबर की शाम करीब 9:30 बजे पेट्रोल से भरी कांच की बोतलों के साथ उनके घर पहुंचा और पेट्रोल बम फेंककर घर में आग लगा दी। परिवार इस दौरान घर नहीं पहुंचा, अगर हम घर में होते, तो हमें जिंदा जला देते। आरोप आरोपियों ने हमले वीडियो इंस्टाग्राम पर डाली दर्शना ने दावा किया कि आरोपियों ने पेट्रोल बम फेंकते हुए खुद वीडियो रिकॉर्ड की और उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड किया और बैकग्राउंड में बहादुरी दिखाने वाला गाना भी लगाया। हम 4 दिन से घर नहीं गए, जान को खतरा दर्शना ने अपनी शिकायत में लिखा है कि उनका परिवार पिछले चार दिनों से घर नहीं जा रहा, क्योंकि उन्हें आरोपियों से जान को गंभीर खतरा है। उन्होंने पुलिस कमिश्नर से गुहार लगाई है कि अगर हमें कुछ होता है, तो इसके जिम्मेदार जैरी और उसके साथी होंगे।
