लुधियाना में पुलिस ने जबरन वसूली और अवैध हथियार रखने के मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से पिस्टल, मैगजीन, दो जिंदा कारतूस और एक अल्टो कार (नंबर PB-10-GW-3989) बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसवीर सिंह निवासी गांव सहजाड़, थाना जौधा और वीरपाल सिंह उर्फ पाल के रूप में हुई है। इन्हें एएसआई सुरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली थाना दाखा की टीम ने पकड़ा है। यह मामला शिकायतकर्ता नरिंदर सिंह निवासी बरैंच की शिकायत के बाद सामने आया। नरिंदर सिंह ने पुलिस को बताया कि 26 अक्टूबर को उसका साला जसवीर सिंह 10-12 अन्य लोगों के साथ तीन गाड़ियों—स्कॉर्पियो, वैगन-आर और अल्टो—में उसके घर पहुंचा था। पिस्तौल लहराते हुए कमरे में घुसा शिकायत के अनुसार, जसवीर सिंह पिस्तौल लहराते हुए कमरे में घुस गया, जबकि उसके साथी तेजधार हथियार और डंडे लिए हुए थे। जसवीर ने शिकायतकर्ता की छाती पर पिस्तौल तानकर 10 लाख रुपए की फिरौती मांगी और अलमारी से 50 हजार रुपए जबरन ले लिए। जाते समय उसने जान से मारने की धमकी भी दी और बाकी राशि का इंतजाम करने को कहा। पुलिस जांच में सामने आया कि जसवीर सिंह के साथ वीरपाल सिंह उर्फ पाल, जुगराज सिंह उर्फ लाला, मनप्रीत सिंह, अमनींदर सिंह और कुलविंदर सिंह भी शामिल थे। थाना दाखा में 30 अक्टूबर 2025 को मुकदमा नंबर 187, BNS 2023 की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस इस मामले की तफ्तीश के दौरान पुलिस ने पहले मनप्रीत सिंह और कुलविंदर सिंह को गिरफ्तार किया था। अब जसवीर सिंह और वीरपाल सिंह की गिरफ्तारी से जांच में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।