लुधियाना में एक महिला के घर में घुसकर छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर कार में आग लगाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि, आरोपी ने बदला लेने के लिए अगली ही रात पीड़िता के पिता की कार को आग के हवाले कर दिया। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले की जांच करके 3 महीने बाद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। 2 जनवरी को घर में घुसे थे आरोपी पीड़ित महिला ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि, 2 जनवरी 2026 को वह घर में अकेली थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले दो आरोपी जबरन उसके घर में घुस आए और उसके साथ छेड़छाड़ करने की। शोर सुनकर उसका पिता मौके पर पहुंच गए और आरोपियों का विरोध किया। इस दौरान आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए, जिसके बाद आरोपियों ने अपनी गलती मानते हुए माफी मांग ली और वहां से चले गए। 3 जनवरी को जलाई गाड़ी पीड़िता के मुताबिक, 3 जनवरी की रात जब पूरा परिवार सो रहा था, तभी बाहर जोरदार धमाके की आवाज आई। जब परिवार ने बाहर जाकर देखा तो उनके पिता की कार में आग लगी हुई थी। किसी तरह आग पर काबू पाया गया, लेकिन गाड़ी को काफी नुकसान हुआ। परिवार ने जब अपने स्तर पर जांच की तो शक दोनों आरोपियों पर गया। पुलिस जांच के दौरान भी एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
आरोपियों की पहचान गुरमीत सिंह और महिंदर सिंह के रूप में हुई है। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 74, 351(2), 326(f) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।