लुधियाना जिले के हलवारा गांव में गुरुद्वारा साहिब के पास बने सुअर बाड़े को लेकर विवाद गहरा गया है। स्थानीय गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और किसान नेताओं ने ग्रामीणों के हस्ताक्षर सहित प्रशासन को शिकायत सौंपी है, जिसमें तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान हरप्रीत सिंह राजू, भारतीय किसान यूनियन सिद्धूपुर के प्रधान अमरीक सिंह हलवारा और किसान नेता जतिंदर सिंह ज्योति हलवारा ने यह शिकायत दी है। उन्होंने धार्मिक भावनाओं और स्थानीय वातावरण का हवाला देते हुए सुअरों को तुरंत हटवाने की मांग की है। अवैध रूप से सूअर बाड़ा बनाया शिकायतकर्ताओं ने बताया कि चंदरपाल, सोमपाल और उनके चचेरे भाई राजू ने गुरुद्वारा साहिब और आबादी वाले क्षेत्र के पास अवैध रूप से सूअर बाड़ा बना रखा है। नेताओं का आरोप है कि कई बार कहने के बावजूद चंदरपाल सुअरों को हटाने को तैयार नहीं है, जिससे गांव में तनाव बढ़ रहा है। गुरुद्वारा दर्शन करने आने वाली संगत और राहगीरों को सुअरों की दुर्गंध से परेशानी हो रही है। जांच टीम मौके पर भेजी एसडीएम रायकोट उपिंदरजीत कौर बराड़ ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि तुरंत वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी राजवीर सिंह के नेतृत्व में एक जांच टीम मौके पर भेजी गई थी। जांच टीम अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंप चुकी है, जिसे आगे कानूनी कार्रवाई के लिए पशुपालन विभाग के निदेशक को भेजा गया है। एसडीएम बराड़ ने स्पष्ट किया कि धार्मिक स्थल और आबादी के बीच सूअर पालना पूरी तरह गैरकानूनी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि नियमों के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उधर, सुअर पालक चंदरपाल ने स्वयं स्वीकार किया है कि आबादी और धार्मिक स्थल के पास सूअर रखना गैरकानूनी है। उसने यह भी माना कि उसने गांव के छप्पड़ और शामलाट जमीन पर अवैध कब्जा कर सूअर बाड़ा बनाया हुआ है।
