पंजाब के लुधियाना में आज कासाबाद-नूरवाला रोड पर खून से लथपथ एक व्यक्ति का शव मिला है। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों ने मृतक की पहचान करने की काफी कोशिश की लेकिन उसके बारे किसी को कुछ पता नहीं चल सका। लोगों ने पुलिस कंट्रोल रुम को सूचना दी। थाना सलेम टाबरी की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। मृतक के पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला। हुलिए से मृतक की आयु करीब 35 वर्ष लग रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। फिलहाल पुलिस अब आसपास के कैमरों को खंगाल रही है, ताकि शव की पहचान हो सके। चेहरे, सिर और शरीर पर घाव के निशान SHO हर्षवीर सिंह ने बताया कि किसी राहगीर को इलाके में शव पड़ा हुआ नजर आया था। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव देखा तो उसके चेहरे, सिर और शरीर पर घाव के निशान थे, जोकि धारदार हथियार के लग रहे थे। पुलिस ने आस-पास के गांवों मे उसकी फोटो दिखाई, लेकिन किसी ने उसकी पहचान नहीं की। CCTV खंगाल रही पुलिस फिलहाल पुलिस की जांच अब सीसीटीवी कैमरों पर टिक गई है। कैमरों में चैक किया जा रहा है कि व्यक्ति किस इलाके से या किस दिशा से आया है। थाना सलेम टाबरी की पुलिस ने हत्या का मामला अज्ञात के खिलाफ दर्ज कर दिया है।
