लुधियाना के शेरपुर इलाके में ओसवाल कैंसर अस्पताल के पास एक सड़क हादसा हुआ है। यहां एक तेज रफ्तार एक्टिवा अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हैं। मरने वाले युवक का सिर और चेहरा बुरी तरह से फट गया जिस कारण उसकी मौत हुई। एक्टिवा पर सवार थे तीन युवक जानकारी के अनुसार, एक ही एक्टिवा पर तीन युवक सवार होकर जा रहे थे। जब वे ओसवाल अस्पताल के पास पहुंचे, तो उनकी एक्टिवा आगे जा रहे ट्रक में पीछे से जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक्टिवा के परखच्चे उड़ गए। मृतक के थे दो बच्चे हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान विजय मसीह के रूप में हुई है। विजय लुधियाना के घाटी मोहल्ला का रहने वाला था। वह गलियों में चादरें बेचने के काम करता है। बताया जा रहा है कि विजय शादीशुदा था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है। दो की हालत गंभीर, CMC अस्पताल रेफर मौके पर पहुंचे एसएसआई सुभाष ने बताया कि हादसे के वक्त विजय मसीह की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। बाकी दो युवकों की सांसें चल रही थीं, लेकिन उनकी हालत बेहद नाजुक थी। दोनों घायल युवकों को तुरंत इलाज के लिए सीएमसी (CMC) अस्पताल भेजा गया है। पुलिस की कार्रवाई पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर ट्रक और क्षतिग्रस्त एक्टिवा को कब्जे में ले लिया है। ट्रक ड्राइवर भी पुलिस हिरासत में है। एसएसआई सुभाष के मुताबिक, पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस ने कब्जे में लिया है।
