लुधियाना शहर के प्रसिद्ध चौड़ा बाजार में बुधवार को नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस कार्रवाई के दौरान सीनियर डिप्टी मेयर भी मौके पर मौजूद रहे। निगम की टीम ने कई दुकानों के बाहर रखे सामान को निगम गाड़ी में भरकर जब्त किया। कुछ दिन पहले ही बाजार प्रधान की ओर से ट्रैफिक जाम और अतिक्रमण की समस्या को देखते हुए पुलिस और मेयर को एक मांग पत्र सौंपा गया था। उसी के बाद आज निगम ने सख्त कदम उठाते हुए कार्रवाई की। दुकानदारों और निगम कर्मचारियों में बहस कार्रवाई के दौरान बाजार में काफी हंगामा देखने को मिला, कई दुकानदारों ने निगम कर्मचारियों से बहस भी की और नौबत हाथापाई तक आ गई। बाजार प्रधान की ओर से पहले ही यह निर्देश दिए गए थे कि सारा सामान पीली लाइन के अंदर ही लगाया जाए लेकिन कुछ दुकानदार नियमों की अनदेखी करते हुए बाहर तक कब्जा जमाए बैठे थे। निगम ने उन्हीं दुकानों पर कार्रवाई की है। अधिकारी बोले- अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं होगा नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि शहर में सड़क किनारे अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा आज चौड़ा बाजार एसोसिएशन के प्रधान की ओर से एक शिकायत की गई थी जिसके अंतर्गत गिरजाघर चौक पर भी कार्रवाई की गई और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
