लुधियाना-बठिंडा राजमार्ग पर सोमवार सुबह एक सड़क हादसे में रायकोट की ओज़ मार्केट के मालिक जसवीर सिंह बिल्लू धालीवाल (61) का निधन हो गया। यह दुर्घटना रकबा-हिस्सोवाल टोल प्लाजा के पास सुबह करीब 6:30 से 6:45 बजे के बीच हुई। जानकारी के अनुसार, जसवीर सिंह अपनी एक्टिवा स्कूटी पर मुल्लांपुर से गांव सहौली लौट रहे थे। इसी दौरान, 66 केवी बिजली ग्रिड के सामने कैंटर ने उनकी एक्टिवा की सीधी टक्कर मार दी गंभीर रूप से घायल जसवीर सिंह को डीएमसी अस्पताल लुधियाना ले जाया गया, जहाँ उन्होंने दम तोड़ दिया। थाना सुधार पुलिस ने मृतक के रिश्तेदार सुरेंद्र सिंह ग्रेवाल के बयान पर धारा 174 की कार्रवाई की है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। जसवीर सिंह रायकोट की ओज़ मार्केट के डायरेक्टर थे। वह नगर कौंसिल रायकोट के पूर्व प्रधान अमनदीप सिंह के ममेरे भाई थे। परिवार ने बताया कि विदेश में रह रहे रिश्तेदारों के लौटने के बाद अंतिम संस्कार की तिथि तय की जाएगी।