लुधियाना जिले के रायकोट पुलिस ने नशे की ‘होम डिलीवरी’ करते हुए दो बाइक सवार तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान रायकोट के कच्चा किला निवासी प्रेम सिंह और जगजीत सिंह उर्फ जग्गी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया, जहां से दो दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। थाना सिटी रायकोट के इंचार्ज गुरसेवक सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। इसमें बताया गया था कि दोनों आरोपी लंबे समय से नशीली गोलियों का कारोबार कर रहे थे और आसपास के इलाकों में ‘होम डिलीवरी’ भी करते थे। सूचना के आधार पर, पुलिस टीम ने कार्रवाई की। नशीली गोलियों की सप्लाई करते हुए पकड़ा गया आरोपियों को रामगढ़ सिविया रोड स्थित नई कॉलोनी साउथ सिटी के पास नशीली गोलियों की सप्लाई करते हुए बाइक पर पकड़ा गया। मौके पर छापा मारकर दोनों आरोपियों को काबू किया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से नशीली गोलियां बरामद हुईं। पुलिस ने बरामद सामग्री को जब्त कर लिया है। जांच में जुटी पुलिस पुलिस रिमांड के दौरान अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी नशीली गोलियां कहां से प्राप्त करते थे और इस धंधे में उनके अन्य साथी कौन-कौन शामिल हैं। जांच के आधार पर आगे और खुलासे होने की संभावना है।