लुधियाना की केंद्रीय जेल में एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान दोराहा निवासी 25 वर्षीय रवि के रूप में हुई है। रवि वर्ष 2019 से नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत दर्ज एक मामले में जेल में बंद था। जेल प्रशासन के अनुसार, बीती रात रवि की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसकी हालत खराब होते देख जेल स्टाफ ने उसे तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल लुधियाना पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। रवि की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में शोक छा गया। बताया जा रहा है कि रवि अविवाहित था और उसके परिवार में दो भाई-बहन हैं। परिवार के सदस्यों को घटना की सूचना दे दी गई है। जेल में हुई इस मौत को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। नियमानुसार, मृतक के शव का पोस्टमार्टम ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट की निगरानी में कराया जाएगा, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके। फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि रवि की मौत बीमारी से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।