लुधियाना के जगराओं में एक घरेलू विवाद के चलते शहर के बाल रोग विशेषज्ञ रहे डॉ. स्व: हरि सिंह की पत्नी डॉ सतवंत कौर ने अपनी डॉक्टर बहू सहित तीन लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गहन जांच के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।आरोपियों की पहचान डॉ. सुखविंदर सिंह मांगट, डॉ. परमवीर सिंह मांगट और डॉ. नवसंगीत कौर के रूप में हुई है। बस स्टैंड चौकी इंचार्ज सुखविंदर सिंह के अनुसार, 72 वर्षीय शिकायतकर्ता डॉ. सतवंत कौर ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके बेटे प्रभजोत सिंह का विवाह वर्ष 2013 में नवसंगीत कौर से हुआ था। पत्नी बच्चों के साथ कनाडा चला गया बेटा साल 2023 में उनका बेटा और बहू अपने बच्चों के साथ कनाडा चले गए थे, जहां वे स्थायी निवासी (PR) थे। कनाडा जाने के दस दिन बाद ही प्रभजोत भारत लौट आए थे। इसी बीच, साल 2024 में शिकायतकर्ता के पति डॉ. हरि सिंह बीमार हो गए और कोमा में चले गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिर बहू भी बच्चों सहित कनाडा से भारत वापस आ गई। पीड़िता के अनुसार, 24 जुलाई 2024 को बहू के पिता और भाई उनके घर आए और बहसबाजी के बाद बहू और बच्चों को अपने साथ ले गए। बाद में पता चला कि बहू बच्चों सहित दोबारा कनाडा चली गई थी, और फिर 27 मार्च 2025 को भारत वापस आई। बहू के पिता ने की गाली-गलौज आरोप है कि 3 अगस्त 2025 को बहू के पिता, भाई और अन्य रिश्तेदार उनके घर आए और गाली-गलौच करने लगे। उन्होंने प्रभजोत सिंह के साथ मारपीट करने का प्रयास किया और जब शिकायतकर्ता ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो उन्हें जान से मारने की धमकियां दी गईं। जाते समय बहू के भाई डॉ. परमवीर सिंह ने कथित तौर पर अपनी डब में रखी पिस्तौल पर हाथ रखकर प्रभजोत को ‘देख लेने’ और अस्पताल बंद करवाने की धमकी दी। वह बहू और बच्चों को अपने साथ ले गया और दहेज तथा मारपीट के झूठे मामलों में फंसाने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने मामले की जांच पूरी करने के बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया।
