लुधियाना के व्यस्त इलाकों में शुमार जवादी पुल पर उस वक्त भारी दहशत का माहौल पैदा हो गया जब कार क्रॉसिंग को लेकर हुए एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। महज रास्ता देने की छोटी सी बात से शुरू हुई यह घटना इतनी बढ़ गई कि एक पक्ष ने सरेआम गोली चला दी। इस घटना के बाद पुल पर लंबा जाम लग गया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों और प्राप्त जानकारी के मुताबिक जवादी पुल पर ट्रैफिक के बीच दो कारों के आमने-सामने आ जाने के कारण क्रॉसिंग को लेकर अनबन शुरू हुई। दोनों गाड़ियों के चालकों के बीच पहले रास्ता मांगने को लेकर तीखी नोकझोंक हुई। दोनों पक्षों में से कोई भी अपनी गाड़ी पीछे हटाने को तैयार नहीं था। देखते ही देखते यह बहस इतनी उग्र हो गई कि गालियों और हाथापाई तक नौबत जा पहुंची। आपे से बाहर हुए दबंग, निकाल लिया हथियार बताया जा रहा है कि बहस के दौरान ही एक गाड़ी में सवार कुछ लोगों ने अपना आपा पूरी तरह खो दिया। उन्होंने अपनी दबंगई दिखाते हुए हथियार निकाल लिया और दूसरे पक्ष को डराने के इरादे से गोली चला दी। दिनदहाड़े बीच सड़क पर गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास से गुजर रहे राहगीरों में हड़कंप मच गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित जगहों की तरफ भागने लगे। आरोपी फरार, पुलिस की कई टीमें जांच में जुटीं गोलीकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार होने में कामयाब रहे। वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीमें और आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और एक खोल भी बरामद किया वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इसके साथ ही जवादी पुल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है, ताकि गोली चलाने वाले आरोपियों की गाड़ियों के नंबर और उनकी पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की पूरी गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे धकेल दिया जाएगा।
