अजमेर में महिला के लिव-इन पार्टनर (प्रेमी) ने उसकी 14 साल की नाबालिग बेटी से रेप किया। महिला घर के बाहर पानी लेने गई थी। इसी का फायदा उठाकर आरोपी कमरे में पढ़ रही नाबालिग से अश्लील हरकतें करने लगा। आरोपी ने नाबालिग का मुंह दबाकर उसके कपड़े फाड़ दिए और उसे धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। जब महिला घर वापस आई, तो वह आरोपी का विरोध करने लगी। विरोध करने पर आरोपी ने मां-बेटी दोनों को पीटा और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। महिला ने गुरुवार को पुलिस में मामला दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीओ मनीष बडगूजर ने कहा- पीड़िता की मां की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच जारी है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। अब 3 पॉइंट में समझिए पूरा मामला… 1. शादी का झांसा देकर लिव-इन में रहा, बाद में निकला शादीशुदा पीड़िता की मां ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह पिछले कई सालों से अपने पति से अलग रह रही है। साल 2019 में उसकी मुलाकात आरोपी से हुई थी। आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे अपने साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रखा। बाद में महिला को पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद भी हुआ, लेकिन आरोपी ने साथ रहने का भरोसा देकर समझौता कर लिया। इसके बाद वह किराए के मकान में साथ रहने लगा, लेकिन अक्सर महिला के साथ मारपीट और गाली-गलौज करता था। 2. मां पानी भरने गई, पीछे से घर में घुसकर नाबालिग से की बदसलूकी रिपोर्ट के अनुसार, जून में एक दिन महिला घर के बाहर पानी भरने गई थी। 14 साल की नाबालिग बेटी घर के कमरे में पढ़ाई कर रही थी। बच्ची को अकेला पाकर आरोपी ने अश्लील बातें कीं और जबरन छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब नाबालिग ने खुद को बचाने के लिए शोर मचाया, तो आवाज सुनकर उसकी मां तुरंत कमरे की तरफ भागी। 3. विरोध करने पर मां-बेटी को पीटा, पुलिस ने दर्ज किया मामला रिपोर्ट के अनुसार, जब मां ने कमरे में पहुंचकर आरोपी की इस करतूत का विरोध किया, तो आरोपी गुस्से में आ गया। उसने मां और बेटी दोनों के साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद वह दोनों को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। घटना के बाद डरी-सहमी महिला अपनी बेटी को लेकर थाने पहुंची और मामला दर्ज कराया। पुलिस ने पॉक्सो (POCSO) एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
