राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती इन दिनों सोशल मीडिया पर छाई हुई है। इसे लेकर सबसे अधिक पोस्ट हो रहे हैं। इसी भर्ती को लेकर बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज की एआई से तैयार फोटो सोशल मीडिया पर एक अभ्यर्थी ने अपलोड की, जिस पर बोर्ड अध्यक्ष ने जोरदार जवाब दिया। बोर्ड अध्यक्ष का सोते हुए फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड कर एक अभ्यर्थी ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती को पूरा करने की मांग उठाई। इस पर बोर्ड अध्यक्ष ने उल्टा अभ्यर्थी को ही पूछ लिया कि अगर वे सो रहे हैं, तो बोर्ड की भर्तियां कौन करा रहा है? एक अभ्यर्थी ने अपनी शादी की चिंता भी सोशल मीडिया पर जाहिर की, तो बोर्ड अध्यक्ष ने उसकी चिंता दूर कर दी। बच्चे चुप रहे, इसलिए इंप्रूवमेंट का बहाना… अंकित वर्मा : यह अच्छा बहाना है कि इंप्रूवमेंट कर रहे हैं ताकि बच्चे चुप रहे। (चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती में आपत्ति शुरू करने की मांग पर यह पोस्ट किया था।) बोर्ड अध्यक्ष ने दिया जवाब : अंकित जी, फोर्थ क्लास पेपर्स पर ऑब्जेक्शन 2 दिसंबर से लेने का प्लान है। वैसे आपकी गलती नहीं है, ये ही दुनिया की रीत है आप कुछ भी लीक से हटकर प्रयास करोगे, तो उंगलियां उठेंगी, आपकी मंशा पर शक होगा, सब बहानेबाजी लगेगी। सब चाहते हैं, जैसा चल रहा है चलने दो…। सोशल मीडिया पर पारीक नाम के युवक का पोस्ट उठो-उठो महाराज फोर्थ ग्रेड भर्ती पूरी करानी है। इस पोस्ट के साथ उसने एआई से बोर्ड अध्यक्ष की सोते हुए की फोटो भी अपलोड की। जिसमें कई अभ्यर्थी खड़े हैं और कह रहे हैं कि उठो प्रिय, नवंबर एंड आ गया, फोर्थ ग्रेड आपत्ति ले लो प्रिय, फोर्थ ग्रेड आपत्ति ले लो प्रिय। बोर्ड अध्यक्ष का जवाब यदि ये आदमी सो रहा है, तो ड्राइवर प्लाटून कमांडर, वीडीओ भर्ती परीक्षाएं किसने कराई? एनएसएम की 19 भर्तियों के रिजल्ट किसने निकाले? पटवारी, लाइब्रेरियन की आंसर की पर कौन काम कर रहा है? वीडीओ कंडक्टर की आंसर की कौन दे रहा है? आयुष, जमादार, एल-1, एल-2 के फॉर्म्स कौन भरवा रहा है? फैक्ट फाइल : चयन बोर्ड ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के 53,749 पदों पर भर्ती के लिए 6 पारियों में परीक्षा का आयोजन किया था। इस परीक्षा में करीब 21 लाख अभ्यर्थी बैठे थे। परीक्षा में 6 पेपर होने से और अभ्यर्थियों की संख्या अधिक होने से इस बार आपत्ति लेने के सिस्टम में कुछ बदलाव किया जाएगा।