उदयपुर के गोगुंदा में करीब एक माह से लापता युवक को तलाशने की मांग को लेकर परिजन और समाजजनों का दूसरे दिन गुरुवार को अनिश्चकालीन धरना जारी है। एसडीएम कार्यालय परिसर में सैकड़ों ग्रामीण जमा हुए और पुलिस-प्रशासन से जल्द लापता युवक को तलाशने की मांग पर अड़े हैं। इस संबंध में गोगुंदा एसडीएम शुभम भैसारे, तहसीलदार प्रवीण कुमार सैनी, सायरा तहसीलदार सुरेश मेहता और विकास अधिकारी महिप सिंह ने लोगों से समझाइश की लेकिन वे नहीं माने। लोगों का कहना है कि लापता युवक का सुराग नहीं मिलने तक धरना जारी रहेगा। बता दें, कुंडाउ गांव निवपसी तुलसीराम गमेती 15 फरवरी से लापता है। तब उसका पता नहीं लगा है। थाने-कलेक्ट्री में ज्ञापन दे चुके लेकिन सुनवाई नहीं हो रही
यूथ कांग्रेस कार्यकारी जिलाध्यक्ष बालू भील ने कहा कि तुलसीराम के लापता होने के बाद उसके परिजनों ने बगडुंदा के एक व्यक्ति के खिलाफ अगवा करने की नामजद रिपोर्ट भी दी। लेकिन पुलिस अभी तक उससे सच नहीं उगलवा सकी है। ग्रामीण सुरेश खेर, मीठालाल ने बताया कि युवक तुलसाराम की तलाशी के लिए उसके परिजनों सहित आदिवासी समाज के लोगों ने पुलिस थाने से लेकर कलेक्ट्री तक ज्ञापन दिए और प्रदर्शन किए लेकिन पुलिस व प्रशासन ने उसे तलाशने की कोई कोशिश नहीं की है। इनपुट: गोपाल लोढ़ा, गोगुंदा
