कासं|सवाईमाधोपुर लटियानाला समतलीकरण कार्य में लापरवाही की शिकायत को लेकर ग्रामीणों ने नगर विकास न्यास के कार्यकारी सचिव को ज्ञापन सौंपा है। साथ ही आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में बताया कि लटियानाला समतलीकरण कर 10 नवम्बर 20205 को एमओयू हुआ था। इसमें सचिव यूआईटी द्वारा समतलीकरण के दौरान पर्यावरण का ध्यान रखने, मिट्टी का अन्यत्र उपयोग नहीं करने, मिट्टी खुदाई दोनों तरफ से करने, निश्चित गहराई तक खुदाई करने की शर्तों में अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी किया था। इसके बावजूद ठेकेदार द्वारा किसी भी शर्त का पालन नहीं किया जा रहा है। लटियानाला की खुदाई लगभग 50 फीट गहरी कर दी है। मिट्टी भी बाहर ले जाकर बेची जा रही है। बिना किसी सीमाज्ञान किए खुदाई कार्य किया जा रहा है, जिससे गांव गोठड़ा के दस-बारह परिवारों के आने जाने के रास्ते को समाप्त कर दिया। ऐसे में लोगों को अपने घरों में जाने व मवेशियों को ले जाने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने लटियानाला समतलीकरण कार्य अनापत्ति प्रमाण पत्र की शर्तों के अनुसार कराए जाने तथा ग्राम गोठड़ा के लोगों के आवागमन का रास्ता सुचारु करवाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में रामस्वरूप, रामकल्याण, कालू, रामकेश, कैलाशी, हनुमान मीना, राजेश पहाड़िया, रामलाल मीना आदि शामिल थे।