रोपड़ में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने आज डूमेवाल गांव में श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल अस्पताल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य इकबाल सिंह लालपुरा, वर्ल्ड कैंसर केयर के संस्थापक डॉ. कुलवंत सिंह धालीवाल, सांसद मनोज तिवारी सहित बड़ी संख्या में संत-महापुरुष और श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ लॉस एंजेलस (अमेरिका) से आए प्रसिद्ध रागी भाई अनंतवीर सिंह के मधुर माधव शब्द कीर्तन से हुआ, जिसने पूरे पंडाल को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। वर्ल्ड कैंसर केयर (इंडिया) के निदेशक अजयवीर सिंह लालपुरा ने सभी संतों, अतिथियों और स्थानीय संगत का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक ऐतिहासिक कदम है और आने वाले समय में हजारों लोगों को लाभान्वित करेगा। केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने इस कार्य को श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की 350वीं शहादत शताब्दी के अवसर पर सच्ची लोक सेवा का अनुकरणीय उदाहरण बताया। उन्होंने धालीवाल और लालपुरा परिवार के समर्पण की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण क्षेत्रों के लिए वरदान करार दिया। तीन बार के सांसद और प्रख्यात कलाकार मनोज तिवारी ने भी इस अवसर पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जिस निष्ठा और प्रतिबद्धता से अस्पताल तैयार किया गया है, वह समाज सेवा की एक प्रेरक मिसाल है। जन-कल्याण अभियानों का प्रमुख केंद्र बनेगा डॉ. कुलवंत सिंह धालीवाल ने बताया कि यह अस्पताल केवल उपचार का केंद्र नहीं होगा, बल्कि कैंसर स्क्रीनिंग, गरीब मरीजों की सहायता और जन-कल्याण अभियानों का प्रमुख केंद्र बनेगा। इकबाल सिंह लालपुरा ने अस्पताल के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका लक्ष्य मानवता की सेवा करना और “सरबत दा भला” की गुरु परंपरा को आगे बढ़ाना है। समारोह में उपस्थित सभी संत-महापुरुषों और सामाजिक हस्तियों ने अस्पताल के विभिन्न विभागों—जनरल केयर, इमरजेंसी, डायग्नोस्टिक यूनिट और मातृ-शिशु स्वास्थ्य—का निरीक्षण किया।