डीग जिले के कामां (कामवन) विधानसभा क्षेत्र के करमुका गांव में विधायक नौक्षम चौधरी ने एक गरीब परिवार की बेटी अंजलि जाटव की पढ़ाई और शादी का पूरा खर्च उठाने की घोषणा की है। यह घोषणा जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान की गई। विधायक नौक्षम चौधरी करमुका गांव में ग्रामीणों की समस्याएं सुन रही थीं, तभी अंजलि जाटव नाम की एक बच्ची उनके पास पहुंची। बच्ची रोते हुए गांव में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति लगाने की मांग कर रही थी। विधायक नौक्षम चौधरी ने अंजलि के परिवार की आर्थिक स्थिति के बारे में जानकारी ली। परिवार की गरीबी और आर्थिक तंगी को देखते हुए विधायक ने अंजलि की पढ़ाई और शादी का पूरा खर्च उठाने का निर्णय लिया। उन्होंने घोषणा की कि अंजलि की देश और विदेश में उच्च शिक्षा का पूरा खर्च वह स्वयं वहन करेंगी। इसके अतिरिक्त, अंजलि की शादी की पूरी जिम्मेदारी और उससे जुड़ा सारा खर्च भी विधायक नौक्षम चौधरी उठाएंगी। विधायक ने मौके पर ही अंजलि के पिता को फोन कर कहा, “आप आर्थिक तंगी की चिंता छोड़ दीजिए। आज से अंजलि की पढ़ाई और शादी की पूरी जिम्मेदारी मेरी है।” इस घोषणा के बाद करमुका गांव में ‘नौक्षम चौधरी जिंदाबाद’ और ‘बाबा साहेब अमर रहें’ के नारे लगाए गए।
