डीग में मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव के तहत शनिवार को आयोजित जिला स्तरीय समारोह में 592 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। समारोह में राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म सहित जनप्रतिनिधियों ने युवाओं को सरकारी सेवा में ईमानदारी से कार्य करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान बालोतरा के पचपदरा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के संबोधन तथा रिफाइनरी लोकार्पण का सीधा प्रसारण भी देखा गया। 592 युवाओं को मिला सरकारी सेवा का अवसर किशन लाल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल के सभागार में आयोजित समारोह में राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह, प्रभारी सचिव एवं संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया तथा जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने 592 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। प्रदेशभर में 53,977 युवाओं को नियुक्ति का दावा राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि प्रदेशभर में एक साथ 53,977 युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा रही है। उन्होंने इसे सरकार की युवा हितैषी सोच का प्रमाण बताते हुए कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित कर पेपर लीक जैसी कुप्रथा पर प्रभावी रोक लगाई गई है। इससे मेहनती युवाओं को उनका अधिकार मिला है। उन्होंने नवनियुक्त कार्मिकों से ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ जनता की सेवा करने का आह्वान किया। रिफाइनरी और विकास योजनाओं का किया जिक्र बेढ़म ने पचपदरा रिफाइनरी को राजस्थान की अर्थव्यवस्था को नई गति देने वाला और बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों, महिलाओं और युवाओं के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। किसान सम्मान निधि में अतिरिक्त सहायता, आयुष्मान योजना के तहत 25 लाख रुपए तक के इलाज और अन्य विकास योजनाओं का भी उल्लेख किया।

डीग में 10 हजार करोड़ के विकास कार्य प्रगति पर राज्य मंत्री ने बताया कि डीग जिले में सड़क, नहर, अस्पताल, स्कूल और कॉलेज सहित करीब 10 हजार करोड़ रुपए के विकास कार्य प्रगति पर हैं। युवाओं से जिम्मेदारी निभाने का आह्वान विशिष्ट अतिथि डॉ. शैलेश सिंह ने कहा कि सरकारी सेवा में चयनित युवाओं पर समाज और राष्ट्र के प्रति बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे पूरी निष्ठा से निभाना चाहिए। उन्होंने पचपदरा रिफाइनरी और पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना को प्रदेश के विकास में मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इससे रोजगार, सिंचाई और आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।

जिले की नई परियोजनाओं की दी जानकारी डॉ. शैलेश सिंह ने बताया कि डीग जिला अस्पताल और डीग बाईपास निर्माण के वर्क ऑर्डर जारी हो चुके हैं। वहीं पूंछरी का लौठा क्षेत्र में 700 से 800 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाएं संचालित हैं। इसके अलावा गुड़गांव, होम्स और भरतपुर फीडर के लिए 375 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं, जिससे जिले के लगभग 85 प्रतिशत गांवों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा। बड़ी संख्या में पहुंचे अधिकारी और परिजन कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ सहायक उमेश चंद प्रजापति ने किया। समारोह में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, नवनियुक्त कार्मिक और उनके परिजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।