रेलवे एक तरफ तो स्टेशनों पर एयरपोर्ट जैसी विश्व स्तरीय सुविधाएं देने के लिए करोड़ों रुपए खर्च कर रहा है। वहीं, दूसरी तरफ रेलवे खुद यात्री सुविधाओं में कटौती कर रहा है। ये कटौती दौसा, बांदीकुई के साथ जयपुर स्टेशन पर की गई है। दरअसल, जयपुर मंडल के वाणिज्यिक विभाग ने जयपुर स्टेशन सहित कई जगह रिजर्वेशन काउंटर्स की संख्या में कटौती करने का निर्णय लिया है। स्टेशन के अलावा 25 साल से जयपुर शहर की चारदीवारी (परकोटे) का जलेब चौक स्थित रिजर्वेशन काउंटर भी एक ही शिफ्ट (सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक) में खुलेगा। जबकि अभी तक यहां दूसरी शिफ्ट (दोपहर 2 से रात 8 बजे तक) में भी काउंटर खोला जाता है। क्योंकि परकोटे में बाजार 11 बजे से खुलते हैं। ऐसे में अधिकांश लोग काउंटर पर 11 बजे के बाद ही टिकट बनवाने आते हैं। लेकिन रेलवे के इस निर्णय से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे इसके लिए ऑनलाइन टिकटिंग सुविधा की वजह से रिजर्वेशन काउंटर पर रिजर्वेशन फॉर्म (आवेदन पत्र) की संख्या कम होने की दलील देता हैं। जबकि उधर, राजस्थान हाईकोर्ट और विधानसभा स्थित रिजर्वेशन काउंटर पर रोजाना औसतन 25 रिजर्वेशन फॉर्म भी नहीं आते हैं। जयपुर स्टेशन पर दूसरी पारी में एक ही काउंटर जयपुर स्टेशन पर सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक दो काउंटर और दोपहर 2 से शाम 8 बजे तक एक ही काउंटर खोला जाएगा। अभी तक मंडल के सभी बड़े स्टेशन जैसे जयपुर, बांदीकुई, दौसा, जगतपुरा में सुबह-शाम की शिफ्ट में दो-दो रिजर्वेशन काउंटर खुले रहते थे। लेकिन अब बांदीकुई, दौसा स्टेशन पर सुबह 8 से दोपहर 3 बजे तक एक रिजर्वेशन काउंटर खोला जा रहा है। रात 8 बजे तक जनरल टिकट काउंटर से ही रिजर्वेशन टिकट दिया जाएगा। जगतपुरा में सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक रिजर्वेशन काउंटर खोला जाएगा। इसके बाद यहां भी जनरल टिकट काउंटर से काम होगा। “मामला जानकारी में नहीं है। लेकिन अगर ऐसा है, तो मैं इसकी जांच करवा लेता हूं।” -रवि जैन, डीआरएम, जयपुर
