भास्कर न्यूज | जालंधर महावीर मार्ग स्थित एपीजे स्कूल में वार्षिक समारोह करवाया गया जिसमें बतौर मुख्य अतिथि आईएएस संदीप हंस पहुंचे। समारोह की शुरुआत शिव स्तोत्रम पर मनोहारी नृत्य प्रस्तुति से हुई। इसके बाद स्कूल प्रिंसिपल यशपाल शर्मा ने वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। नन्हे कलाकारों ने उगे हम धरा में, मिट्टी की खुशबू, सुरों की गूंज आदि पर प्रस्तुति दी। इस दौरान रेट्रो से फ्यूचर तक थीम पर फैशन शो करवाया गया जिसमें 1950 से 2025 तक का फैशन दिखाया गया। जिसके बाद आत्मचिंतन का संदेश देते नाटक मन की उड़ान का मंचन किया गया। जिसमें यह संदेश दिया गया कि मनुष्य ने भौतिक संसार पर विजय तो प्राप्त कर ली है, किंतु अपने चंचल मन को पूर्ण रूप से नियंत्रित करना आज भी एक चुनौती है। मुख्य अतिथि संदीप हंस ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्कूल सिर्फ शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण की प्रयोगशाला होता है। उन्होंने स्कूल में बिताए गए अपने बचपन के सुनहरे पलों, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अनुशासन से मिली सीख को सबके के साथ सांझा किया तथा विद्यार्थियों को मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। यहां निर्मल महाजन, डॉ. सुचारिता शर्मा, डॉ. राजेश बग्गा , डॉ. नीरजा ढींगरा, डॉ. राजेश चंदेल व जागृति शर्मा भी मौजूद रहे।