रूस में 19 दिन से लापता अलवर के MBBS स्टूडेंट अजीत चौधरी (22) का शव व्हाइट रिवर से लगते बांध में मिला है। गुरुवार दोपहर रूस से अलवर के लक्ष्मणगढ़ के कफनवाड़ा गांव में रहने वाले अजीत चौधरी के परिवार को सूचना मिली है। रूस में यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले अजीत के साथियों ने शव की पुष्टि कर दी है। अजीत चौधरी पुत्र रूप सिंह चौधरी रूस के ऊफा शहर में बश्किर स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी (Bashkir State Medical University) में MBBS की पढ़ाई कर रहा था। वह थर्ड ईयर का स्टूडेंट था। कॉलेज कैंपस से कुछ ही किलोमीटर दूरी पर नदी बहती है। इसमें अक्टूबर के महीने में पानी भी उफान पर था। 19 अक्टूबर को अजीत लापता हो गया था और 20 अक्टूबर को रूस में नदी के किनारे उसके कपड़े मिले थे। उसके आधार पर माना जा रहा था कि नदी में बह गया। तब से लगातार सर्च किया जा रहा था, लेकिन उसकी जानकारी नहीं मिल रही थी। पूरा परिवार बेटे के लौटने की उम्मीद में था, लेकिन अब उसका शव मिलने की सूचना मिली है। विदेश राज्य मंत्री से मिले थे परिजन
कुछ दिन पहले ही अलवर सरस डेयरी के चेयरमैन नितिन सांगवान के नेतृत्व में छात्र के परिजन दिल्ली में विदेश मंत्रालय पहुंचे थे और विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह से मिले थे। इसके बाद राज्य मंत्री ने रूस दूतावास में अधिकारियों से बात की थी। उसके बाद भी कोई सुराग नहीं मिला था। अब शव मिलने के बाद परिजनों को सूचना भेजी है। इसके बाद परिवार की उम्मीदें पूरी तरह टूट गई है। अलवर सरस डेयरी के चेयरमैन नितिन सांगवान ने बताया- दूतावास के जरिए सूचना मिली कि छात्र अजीत चौधरी का शव मिल गया है। शव की पहचान यूनिवर्सिटी के छात्रों ने की है। अब शव को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उससे पहले मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। शव को भारत आने में 2 दिन का समय लग सकता है। 3 बीघा जमीन बेचकर पढ़ने भेजा था
अजीत चौधरी रूस से एमबीबीएस कर रहा था। उसका दूसरा भाई कॉम्पिटिशन की तैयारी कर रहा है। परिवार के पास 20 बीघा जमीन है। इसमें से 3 बीघा जमीन बेचकर अजीत को पढ़ने भेजा था। MBBS स्टूडेंट से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… MBBS करने रूस गया अलवर का युवक लापता:परिवार ने जमीन बेचकर भेजा था, नदी किनारे जैकेट और मोबाइल मिला अलवर का अजीत चौधरी (21) रूस में लापता हो गया है। वह अक्टूबर 2023 में एमबीबीएस करने के लिए रशिया के UFA शहर की बक्शिर स्टेट यूनिवर्सिटी गया था। परिवार ने 3 बीघा जमीन बेचकर पढ़ने भेजा था। 20 अक्टूबर को रशिया में पुलिस ने नदी किनारे उसका जैकेट और मोबाइल बरामद किया। इसके चार घंटे बाद उसके जूते भी मिले। (पूरी खबर पढ़ें)
