करौली के मासलपुर थाना क्षेत्र की रूंधपुरा घाटी में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से एक युवक की मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य युवक घायल भी हुए हैं। मासलपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। करौली अस्पताल चौकी प्रभारी एएसआई इंदर सिंह ने बताया कि भूरखेड़ा निवासी भरत राम गुर्जर (24) पुत्र कल्याण शादी समारोह का टेंट का सामान मासलपुर छोड़कर ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस लौट रहा था। रूंधपुरा घाटी में पहुंचने पर वाहन बेकाबू होकर पलट गया।
हादसे में भरत राम गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके साथ मौजूद हरकेश और रवींद्र को भी चोटें आईं। परिजन घायल भरत राम को तुरंत करौली अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए ही शव को अपने साथ ले गए। मासलपुर थाना पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगा रही है।