सिरोही जिले में बीमारी से परेशान दो व्यक्तियों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में फंदा लगाकर जान दे दी। दोनों ही मामलों में पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पहली घटना शिवगंज थाना क्षेत्र की शिव कॉलोनी गली नंबर 2 में हुई। यहां तीन महीने पहले सेवानिवृत्त हुए टीचर गणेश मल पुत्र दुदाराम ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना मिलने पर शिवगंज थाने के ड्यूटी अधिकारी भीम सिंह दल सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस को मौके पर सेवानिवृत्त टीचर के पलंग के पास दवाइयां मिलीं। प्रथम दृष्टया पुलिस इसे बीमारी से परेशानी मान रही है, हालांकि घटना की वास्तविक वजह परिजनों की रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। उसके कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। दूसरी घटना स्वरूपगंज थाना क्षेत्र के बावरी उप तहसील के पास केरवा अरठ पर हुई। यहां रविवार सुबह बीमारी से परेशान युवक महेंद्र पुत्र शंकर लाल चौधरी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। स्वरूपगंज थाने के सहायक उप निरीक्षक रामनाथ दल सहित मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। शव को फंदे से उतारकर अस्पताल की मॉर्च्युरी भिजवाया गया। इस मामले में भी पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस दोनों ही घटनाओं की अलग-अलग जांच कर रही है।