जयपुर की नीरजा मोदी स्कूल में राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग (NCPCR) की टीम पहुंची। टीम ने स्कूल, प्रशासनिक अधिकारियों तथा अमायरा के परिवार से मुलाकात की। टीम ने नीरजा मोदी स्कूल का निरीक्षण किया। साथ ही स्कूल प्रशासन से पूरी जानकारी मांगी। अधिकारियों ने प्रबंधन के बयान दर्ज किए और घटनास्थल का भी जायजा लिया। नीरजा मोदी स्कूल की छात्रा अमायरा मीणा की मौत को 12 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इस पर परिजनों ने जांच की धीमी रफ्तार और स्कूल प्रशासन की चुप्पी पर नाराजगी जताई है। परिजनों ने स्कूल पर बुलिंग, नियम उल्लंघन और सीसीटीवी फुटेज छुपाने के आरोप लगाए हैं। अमायरा के पिता विजय मीणा ने कहा- स्कूल में एंटी बुलिंग कमेटी का होना अनिवार्य था, लेकिन ऐसी कोई कमेटी मौजूद नहीं थी। अमायरा की मौत के बाद बढ़ते विवाद के कारण आई NCPCR टीम
अमायरा की मौत के बाद बढ़ते विवाद को देखते हुए राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग (NCPCR) की टीम जयपुर आई है। टीम ने जयपुर में स्कूल, प्रशासनिक अधिकारियों तथा अमायरा के परिवार से मुलाकात की। आयोग की सदस्य डॉ. मधुलिका और दीप्ति बहल ने बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में कलेक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी, डीसीपी राजर्षि राज, एसीपी आदित्य काकड़े, मानसरोवर थाना प्रभारी लखन खटाना, जिला शिक्षा अधिकारी रामनिवास शर्मा और चिकित्सा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। आयोग की प्रतिनिधि बोलीं: जांच से परिजन संतुष्ट नहीं
बैठक के बाद आयोग की प्रतिनिधि दीप्ति बहल ने कहा- जो भी होगा, बच्चों के हित में होगा। फिलहाल कुछ कहना जल्दबाजी होगी। हमने परिजनों से बात की है, उन्होंने अपना पक्ष रखा है। वह फिलहाल चल रही जांच से संतुष्ट नहीं हैं। टीम ने नीरजा मोदी स्कूल का निरीक्षण किया, स्कूल प्रशासन से जानकारी मांगी
बैठक से पहले आयोग की टीम ने अमायरा के परिजनों से मुलाकात की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद टीम ने नीरजा मोदी स्कूल का निरीक्षण किया। साथ ही स्कूल प्रशासन से पूरी जानकारी मांगी। अधिकारियों ने प्रबंधन के बयान दर्ज किए और घटनास्थल का भी जायजा लिया। आयोग ने कहा- जो भी कदम उठाए जाएंगे, वे बच्चों के हित में होंगे। अमायरा के पिता बोले- स्कूल ने किया बायलॉज का उल्लंघन
अमायरा के पिता विजय मीणा ने कहा- राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग (NCPCR) की टीम आज मिलने आई थी, जिसमें अमायरा के पूरे मामले की उन्हें जानकारी दी। नीरजा मोदी स्कूल ने स्कूल बायलॉज का उल्लंघन किया है। स्कूल के पास सिर्फ तीन दिन की सीसीटीवी फुटेज थी, जबकि नियमों के अनुसार 15 से 30 दिन की फुटेज सुरक्षित रखना अनिवार्य है। स्कूल बिल्डिंग में भी गंभीर अनियमितताएं पाई गई
अमायरा के पिता विजय मीणा ने कहा- स्कूल की बिल्डिंग में भी गंभीर अनियमितताएं पाई गई है। स्कूल में एंटी बुलिंग कमेटी का होना अनिवार्य था, लेकिन ऐसी कोई कमेटी मौजूद नहीं थी। मीणा ने कहा- हमारी बेटी पहले भी स्कूल में बुलिंग का शिकार हो चुकी थी। इस बारे में हमने और अमायरा ने खुद कई बार शिकायत की, लेकिन स्कूल प्रशासन ने कभी कोई कार्रवाई नहीं की। मीणा ने बताया- घटना से पहले भी अमायरा कम से कम 5 बार अपनी शिकायत लेकर क्लास टीचर के पास गई थी। लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। मीणा ने कहा- सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद स्कूल की मॉनिटरिंग सिस्टम पूरी तरह खराब थी। यही वजह रही कि हमारी बेटी ने स्कूल में ही यह कदम उठा लिया। ऐसे में हम बस यही चाहते हैं कि स्कूल प्रशासन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। जब तक दोषियों को सजा नहीं मिलती, हम न्याय के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। अपने क्षेत्र से जुड़ी समस्या को दैनिक भास्कर एप के सिविक इश्यू में पोस्ट करने के लिए क्लिक करें।