बीकानेर में रामदेवरा मेले के दौरान बढ़ने वाले यात्री संख्या को देखते हुए रेलवे ने लालगढ़ से रामदेवरा के बीच 2 जोड़ी मेला स्पेशल रेलसेवाओं का संचालन करने का निर्णय लिया है। दोनों जोड़ी ट्रेनों का संचालन 19 से 22 सितंबर तक किया जाएगा। इससे रामदेवरा मेले में जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिल सकेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, दोनों मेला स्पेशल रेलसेवाएं लालगढ़ और रामदेवरा के बीच प्रतिदिन संचालित होंगी। दोनों ट्रेनों में 8 साधारण श्रेणी के डिब्बे और 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 10 डिब्बे होंगे। सुबह की स्पेशल ट्रेन गाड़ी संख्या 04751 लालगढ़-रामदेवरा मेला स्पेशल 19 से 22 सितंबर तक लालगढ़ से सुबह 4 बजे रवाना होगी और सुबह 7:30 बजे रामदेवरा पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04752 रामदेवरा-लालगढ़ मेला स्पेशल सुबह 9 बजे रामदेवरा से रवाना होकर दोपहर 12 बजे लालगढ़ पहुंचेगी। यह ट्रेन मार्ग में कोलायत और फलौदी स्टेशनों पर ठहरेगी। इस जोड़ी के कुल 4-4 ट्रिप होंगे। दोपहर में दूसरी स्पेशल गाड़ी संख्या 04753 लालगढ़-रामदेवरा मेला स्पेशल दोपहर 1 बजे लालगढ़ से रवाना होकर शाम 4:30 बजे रामदेवरा पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04754 रामदेवरा-लालगढ़ मेला स्पेशल शाम 5 बजे रामदेवरा से रवाना होकर रात 8:15 बजे लालगढ़ पहुंचेगी। यह रेलसेवा भी कोलायत और फलौदी स्टेशनों पर ठहरेगी। इस जोड़ी के भी 19 से 22 सितंबर तक 4-4 ट्रिप होंगे। मेले में जाने वाले यात्रियों को राहत रामदेवरा मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामदेवरा पहुंचते हैं। अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को नियमित रेलसेवाओं के अलावा दो अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे। खासतौर पर सुबह और दोपहर के समय लालगढ़ से रामदेवरा जाने वाले यात्रियों को इसका फायदा मिलेगा।