शहर के वार्ड 23 स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर का पहला स्थापना दिवस शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मोहल्लेवासियों द्वारा एक शोभायात्रा निकाली गई, जिसे विधायक हरलाल सहारण ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक सहारण ने इस अवसर पर कहा कि इंसान को भगवान के प्रति सच्ची श्रद्धा और आस्था रखनी चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि ईश्वर के आशीर्वाद से ही जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। शोभायात्रा में महिलाएं सिर पर मंगल कलश लिए भजन-कीर्तन गाती हुई चल रही थीं। यह शोभायात्रा राधा कृष्ण मंदिर से शुरू होकर गणेश मंदिर होते हुए नई सड़क से वापस राधा कृष्ण मंदिर पहुंची। इस मौके पर विक्रम सिंह कोटवाद, राजेश रक्षक, सुरेश सारस्वत, दीनदयाल सैनी, मोहनलाल गढ़वाल और विमला गढ़वाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। संजय रक्षक ने बताया कि मंदिर को एक वर्ष पूर्ण होने पर यह पहला स्थापना दिवस मनाया गया। इस दौरान श्यामलाल रक्षक, मनोज शर्मा, गोपाल, राजेंद्र रक्षक, बसंत रक्षक, पं. विनोद शर्मा, अनिल पाठक, शंकरलाल, ओम खेमका और अमित शर्मा सहित मोहल्ले के अनेक लोग मौजूद थे।