राजस्थान में पंचायत चुनाव से पहले सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल करते हुए 64 आईपीएस के तबादले कर दिए हैं। 27 जिलों के एसपी भी बदले गए हैं। विश्लेषण करने पर इन तबादलों के पीछे 3 समीकरण नजर आते हैं। लंबे समय से कई विधायक-सांसद शिकायत कर रहे थे कि अफसर उनकी नहीं सुनते हैं। कई जनप्रतिनिधियों ने सीएम को पत्र लिखकर एसपी को हटाने की मांग भी कर रखी थी। विधायकों को पसंद के पुलिस अफसर देने के बाद अब माना जा रहा है आगामी दिनों में जिला कलेक्टर भी बदले जा सकते हैं। इसके अलावा तबादला सूची में पंचायत चुनाव और जातिगत समीकरण पर भी फोकस किया है। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… ये जनप्रतिनिधि पुलिस अफसरों के खिलाफ कर चुके शिकायत केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत : जोधपुर ग्रामीण एसपी नारायण टोगस की कार्यशैली से नाखुश थे। सीएम को एक पत्र लिखकर नाराजगी जाहिर की थी। शेखावत ने पत्र में लिखा-मेरे संसदीय क्षेत्र जोधपुर में पदस्थापित नारायण टोगस जोधपुर ग्रामीण एसपी से मेरे कार्यालय द्वारा क्षेत्र की कानून व्यवस्था तथा मेरे प्रस्तावित दौरों से संबंधित चर्चा के लिए बार-बार संपर्क किया गया था। टोगस ने मेरे कार्यालय से संपर्क नहीं किया। न ही किसी प्रकार की सूचना प्रदान की गई। ऐसे में उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। लिस्ट में नारायण टोगस को डीआईजी एसीबी अजमेर लगाया गया है। पीडी नित्या को जोधपुर ग्रामीण एसपी लगाया है। नित्या युवा अधिकारी है। एपीओ थीं, सरकार ने अब उन्हें फील्ड पोस्टिंग दी है। विधायक अजय सिंह किलक : नागौर के डेगाना से बीजेपी विधायक अजय सिंह किलक थानवाला में अवैध बजरी खनन माफियाओं के साथ मिलीभगत के आरोप लगा चुके हैं। उन्होंने पुलिस पर बार-बार शिकायत करने के बावजूद काम नहीं करने का आरोप लगाया था। पुलिस पर बजरी माफिया से सांठ-गांठ के आरोप लगाए। सरकार ने नागौर एसपी मृदुल कच्छावा का तबादला बीकानेर कर दिया है। उनकी जगह 2002 बैच के आईपीएस रोशन मीणा को लगाया गया है। रोशन मीणा पहले अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, पश्चिम जोधपुर, आयुक्तालय जोधपुर में तैनात थे। राजसमंद सांसद महिमा कुमारी : सीएम भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर राजसमंद एसपी ममता गुप्ता को निलंबित करने और उनके खिलाफ विभागीय जांच की मांग की थी। सांसद ने एसपी गुप्ता के खिलाफ 13 शिकायतों को लेकर 24 दिसंबर, 2025 और 7 जनवरी, 2026 को 2 पत्र भेजे थे। सांसद का आरोप था कि एसपी गुप्ता की प्रशासनिक मनमानी ने जिले में कानून व्यवस्था को खतरे में डाल दिया है। सरकार ने 2021 बैच के आईपीएस हेमंत कलाल को राजसमंद का नया एसपी बनाया है। बतौर एसपी उनकी पहली पोस्टिंग है। हेमंत इससे पहले दौसा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत थे। वहीं ममता गुप्ता को डीआईजी सुरक्षा जयपुर लगाया गया है। ट्रांसफर लिस्ट के पीछे ये समीकरण …. IPS ट्रांसफर से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… राजस्थान में सांसद से उलझने वालीं SP को हटाया:नेताओं से नाराजगी वाले टोगस का भी ट्रांसफर; आधी रात 64 आईपीएस का तबादला राज्य सरकार ने देर रात पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए 64 आईपीएस का ट्रांसफर किया है। राजसमंद सांसद महिमा कुमारी से उलझने वालीं पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता को भी हटाया गया है। (यहां पढ़ें पूरी खबर)
