हनुमानगढ़ की ग्राम पंचायत भगवान स्थित स्पोर्ट्स क्लब परिसर में आयोजित पांच दिवसीय राज्य स्तरीय चतुर्थ पशुधन निरीक्षक संवर्ग क्रिकेट प्रतियोगिता बुधवार को संपन्न हो गई। इस प्रतियोगिता में कुचामन टीम विजेता रही, जबकि उदयपुर उपविजेता बनी। उदयपुर के जीत मीणा को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। यह डे नाईट प्रतियोगिता थी, जिसमें प्रदेशभर की कुल 28 टीमों ने हिस्सा लिया। ग्रामीण क्षेत्र में राज्य स्तर के इस मुकाबले को देखने के लिए लोगों में काफी उत्साह देखा गया। फाइनल मुकाबला कुचामन और उदयपुर के बीच खेला गया, जिसमें कुचामन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम कुचामन को 81 हजार रुपए का चेक और ट्रॉफी प्रदान की गई। उपविजेता उदयपुर को 51 हजार रुपए और ट्रॉफी मिली, जबकि तीसरे स्थान पर रही जयपुर पिंक पैंथर टीम को 31 हजार रुपए व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। समापन समारोह में विधायक प्रतिनिधि सुमित चाचाण, राजेश कंदोई और पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. आनंद स्वरूप सेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में बृजलाल सिहाग (सेवानिवृत्त एईएन), डॉ. महावीर सहारण, डॉ. दिनेश जगिड़ और डॉ. रमेश चंद्र शर्मा शामिल थे। अतिथियों ने आयोजक पवन चौहान और उनकी टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इतनी बड़ी प्रतियोगिता का आयोजन एक सराहनीय पहल है। अतिथियों ने यह भी बताया कि खेल युवाओं को नशे से दूर रखने का एक प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया और ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया गया।